संतकबीरनगर में बाइक सवारों को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, एक की मौत, दूसरा गंभीर
Sant Kabir Nagar News: संतकबीरनगर के खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र में सोमवार को सड़क हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा नेशनल हाईवे पर रैना पेपर मिल के सामने बने कट के पास हुआ। दोनों बाइक सवार खलीलाबाद से गोरखपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कट से वापस खलीलाबाद की तरफ मुड़ते समय अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
डॉक्टरों ने एक को मृत घोषित किया
चौकी इंचार्ज विनोद यादव के मुताबिक, दोपहर करीब 2 बजे हादसे की सूचना मिली। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को 108 एंबुलेंस से संयुक्त जिला चिकित्सालय खलीलाबाद भेजा। वहां डॉक्टरों ने एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे की हालत गंभीर बनी हुई थी।

मृतक की पहचान परवीन कुमार चौधरी (50) पुत्र पारसनाथ चौधरी, निवासी सर्वोदय नगर बिछिया, हनुमान मंदिर पीएसी कैंप, वार्ड 22 मढ़रह गोखली, गोरखपुर के रूप में हुई। वहीं घायल की पहचान अमर सिंह पुत्र देश दीपक सिंह, निवासी सी-130/214, जेल रोड, शाहपुर, गीता वाटिका, गोरखपुर के रूप में हुई है।
गंभीर घायल गोरखपुर रेफर
अमर सिंह की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की सूचना परिजनों को दे दी गई है।
पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद टक्कर मारने वाला वाहन मौके से चला गया। अब पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान और हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है।
रिपोर्ट: अजीत मिश्रा
Also Read: ट्रैफिक चालान नहीं भरा तो बिजली बिल में जोड़ दें! सुप्रीम कोर्ट का सुझाव, गाड़ी-लाइसेंस पर भी सख्ती

