बदायूं गोशाला में 20 गोवंश की मौत, हर महीने मिल रहे थे 6.42 लाख, 2 संचालकों पर FIR
Budaun Gaushala Cow Death Case: बदायूं जिले की अभिगांव स्थित अस्थायी गोशाला में 20 गोवंश की मौत के मामले में पुलिस ने दो संचालकों के खिलाफ FIR दर्ज की है। गोशाला में अव्यवस्था, गोवंश की देखभाल में लापरवाही, पशु क्रूरता और गोवध के आरोप लगाए गए हैं। साथ ही सरकारी धन के दुरुपयोग और गोवंश को पर्याप्त चारा-पानी नहीं देने की बात भी एफआईआर में कही गई है।
यह कार्रवाई अभिगांव के प्रशासक और प्रधान सत्यवीर सिंह की तहरीर पर उसावां थाने में की गई है। एफआईआर के मुताबिक, एक जनवरी 2026 से गोशाला का संचालन शारदा सेवा समिति (Sharda Seva Samiti) कर रही है। 26 सितंबर को गोशाला में कुल 428 गोवंश मौजूद थे।
हर गोवंश के लिए रोज 50 रुपये की राशि
सरकार की ओर से गोवंश के भरण-पोषण के लिए प्रति गोवंश प्रतिदिन 50 रुपये दिए जाते हैं। इस हिसाब से 428 गोवंश के लिए समिति को रोजाना 21,400 रुपये और करीब 6.42 लाख रुपये प्रतिमाह की धनराशि मिल रही थी।
आरोप है कि गोशाला संचालक प्रियंक कौशिक और दानवीर ने इस सरकारी धन का उचित इस्तेमाल नहीं किया और गोवंश की समुचित देखभाल नहीं की। लगातार तीन दिन हुई बारिश के बाद गोशाला में पानी भर गया, जिससे चारा और पानी की व्यवस्था भी प्रभावित हुई।
27 सितंबर को हुई 20 गोवंश की मौत
FIR के अनुसार, 27 सितंबर को गोशाला में 20 गोवंश की मौत हो गई। प्रशासन ने भी 20 गोवंश की मौत की पुष्टि की है। हालांकि, हिंदू संगठनों और पशु प्रेमियों ने मृत गोवंश की संख्या इससे अधिक होने का दावा किया है।
मामला (Budaun Gaushala Cow Death Case) सामने आने के बाद अब पुलिस ने दोनों संचालकों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सरकारी धन के इस्तेमाल, गोवंश की देखभाल और मौत के पीछे की परिस्थितियों की जांच कर रही है।
Also Read: आजमगढ़ में पत्नी ने पति के प्राइवेट पार्ट पर डाला तेजाब, दो साल पहले ही हुई थी लव मैरिज

