Santkabir Nagar News: कमरे में कुंडी से लटकता मिला फ्लावर डेकोरेटर का शव
Santkabir Nagar News: संतकबीरनगर जिले के महुली थाना क्षेत्र अंतर्गत मुखलिसपुर गांव में शनिवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक 26 वर्षीय युवक का शव उसके घर की दूसरी मंजिल पर बने कमरे में छत की कुंडी से लटकता पाया गया। परिजनों द्वारा आनन-फानन में युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, मुखलिसपुर निवासी लक्ष्मी मांझी का बड़ा बेटा विशाल मांझी (26) पेशे से फ्लावर डेकोरेशन का काम करता था और अपने छोटे भाई प्रतीक के साथ होजरी के कारोबार में भी हाथ बंटाता था। शनिवार सुबह करीब 10 बजे तक जब विशाल अपने कमरे से नीचे नहीं आया, तो परिजन उसे बुलाने ऊपर गए। कमरे के भीतर विशाल का शव छत की कुंडी से लटकता देख परिजनों के होश उड़ गए।
अस्पताल ले गए परिजन, डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना के बाद बदहवास परिजन विशाल को तुरंत फंदे से उतारकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नाथनगर लेकर पहुंचे। हालांकि, तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं और डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
बेटे की असमय मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
विशाल की अचानक हुई मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। माता रामरती देवी और पिता लक्ष्मी मांझी का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, विशाल की अविवाहित बहनों रिंकी और मोना का भी अपने भाई को खोने के गम में रो-रोकर बुरा हाल बना हुआ है। इस हृदयविदारक घटना से पूरे मुखलिसपुर गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया है।
अस्पताल से मिली सूचना के आधार पर मुखलिसपुर चौकी प्रभारी जय हिंद सीएचसी नाथनगर पहुंचे और परिजनों से घटना की विस्तृत जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के असल कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।
रिपोर्ट- पंकज पांडे

