शोपियां एनकाउंटर में लश्कर कमांडर जाकिर गनी ढेर, 5 दिनों से जारी था सुरक्षाबलों का ऑपरेशन

Sandesh Wahak Digital Desk: जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले से सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। चनापोरा इलाके में बीते कई दिनों से चल रहे एंटी-टेरर ऑपरेशन के दौरान प्रतिबंधित संगठन लश्कर-ए-तैयबा का टॉप कमांडर जाकिर गनी मारा गया है। सेना के अधिकारियों के मुताबिक, इलाके में संदिग्ध हलचल और फायरिंग के बाद सुरक्षाबलों ने जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ खत्म होने के बाद जब तलाशी ली गई, तो आतंकी का शव बरामद हुआ, जिसकी पहचान जाकिर गनी के रूप में की गई है।

सेना की राष्ट्रीय राइफल्स, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल और जम्मू-कश्मीर पुलिस के विशेष अभियान समूह ने शनिवार से ही इस इलाके में मोर्चा संभाल रखा था। खुफिया इनपुट मिलने के बाद शुरू हुई इस संयुक्त कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने आतंकी के पास से भारी मात्रा में आधुनिक हथियार और विस्फोटक जब्त किए हैं, जिससे साफ है कि वह किसी बड़े हमले को अंजाम देने की फिराक में था।

A+++ कैटेगरी का वांटेड था जाकिर गनी

मूल रूप से कुलगाम का रहने वाला जाकिर गनी साल 2024 में लश्कर-ए-तैयबा में शामिल हुआ था। अपनी खतरनाक गतिविधियों के कारण वह सुरक्षा एजेंसियों की हिट लिस्ट में A+++ कैटेगरी का वांटेड आतंकी था। शोपियां के सैदापोरा और चनापोरा इलाकों में यह सर्च ऑपरेशन अब 5वें दिन में प्रवेश कर चुका है। पूरे इलाके को चारों तरफ से घेर लिया गया है ताकि वहां छिपे किसी भी अन्य संदिग्ध का सफाया किया जा सके।

इस बड़ी सफलता पर जम्मू-कश्मीर पुलिस ने अपने सोशल मीडिया (X) हैंडल पर कड़ा संदेश देते हुए लिखा, तुम भाग सकते हो, लेकिन छिप नहीं सकते! यह कार्रवाई घाटी में सक्रिय आतंकियों के सफाए के लिए सुरक्षाबलों के कड़े संकल्प को दर्शाती है।

Also Read: लखनऊ और झांसी में ED का एक्शन, पूर्व सपा विधायक दीप नारायण यादव के ठिकानों पर छापेमारी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.