प्रयागराज में वकील की गोली मारकर हत्या, पत्नी बोलीं- पुलिस के सामने मारा, 4 घंटे तक हंगामा

Prayagraj Lawyer Murder: प्रयागराज के सलोरी इलाके में गुरुवार दोपहर जमीन विवाद के दौरान 52 वर्षीय सतीश कुमार श्रीवास्तव की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि विवाद के बीच हमलावरों ने उनके पेट में गोली मारी। गंभीर हालत में उन्हें स्वरूप रानी नेहरू (SRN) अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

सतीश की पत्नी वर्षा श्रीवास्तव ने आरोप लगाया कि उनके पति को पुलिस के सामने गोली मारी गई। उन्होंने आरोपियों के एनकाउंटर की मांग करते हुए कहा, “मुझे खून का बदला खून और मौत का बदला मौत चाहिए।”

घटना के बाद परिजनों और साथी वकीलों ने कार्रवाई की मांग को लेकर करीब चार घंटे तक हंगामा किया। डीसीपी सिटी सागर जैन के आश्वासन के बाद परिजन शांत हुए और शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया।

जमीन विवाद में बढ़ा झगड़ा, गोली मारने का आरोप

सतीश श्रीवास्तव की पत्नी के मुताबिक, देवेंद्रनाथ मिश्रा पिछले एक साल से उनकी जमीन पर कब्जे की कोशिश कर रहा था। उन्होंने बताया कि करीब 50 साल की दोस्ती के चलते सतीश ने उसे दो साल तक अपनी जमीन पर गाड़ी खड़ी करने की अनुमति दी थी, लेकिन बाद में कब्जे को लेकर विवाद बढ़ गया। परिवार ने सीएम योगी आदित्यनाथ, डीसीपी और एसीपी समेत कई अधिकारियों से शिकायत की थी।

वर्षा का आरोप है कि गुरुवार को देवेंद्रनाथ करीब 20 लोगों के साथ उनके मकान में घुसा और तोड़फोड़ करने लगा। विरोध करने पर सतीश के साथ मारपीट की गई। पत्नी ने देवेंद्रनाथ के बेटे निपेंद्रनाथ मिश्रा उर्फ बच्चू, अमरेंद्रनाथ मिश्रा उर्फ अनुपम और अन्य लोगों पर हमला करने का आरोप लगाया। उनके मुताबिक, इसी दौरान अमरेंद्रनाथ ने रिवॉल्वर से सतीश के पेट में गोली मार दी।

वर्षा ने यह भी आरोप लगाया कि 10 दिसंबर को उनकी बेटी के साथ भी घटना हुई थी। परिवार गोरखपुर जाकर मुख्यमंत्री से मिला था। उन्होंने चौकी इंचार्ज विनय यादव पर भी मारपीट का आरोप लगाया है। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस ने बनाई तीन टीमें, CCTV फुटेज की जांच

डीसीपी सिटी सागर जैन के अनुसार, देवेंद्रनाथ मिश्रा अपर शासकीय अधिवक्ता (AGA) हैं। दोनों पक्षों के बीच नजूल संपत्ति को लेकर पुराना विवाद था। गुरुवार सुबह करीब 11:45 बजे विवादित संपत्ति पर पहुंचकर ताला तोड़ने के बाद झगड़ा हुआ और फायरिंग में सतीश को गोली लगी।

पुलिस ने कर्नलगंज थाने में परिजनों की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया है। कुछ आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि अन्य की तलाश के लिए तीन टीमें बनाई गई हैं। आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। सामने आए एक फुटेज में कुछ लोग मुंह बांधकर जाते दिखाई दे रहे हैं।

Also Read: इलाहाबाद हाईकोर्ट ने तीन महीने के भीतर यूपी पंचायत चुनाव कराने का दिया आदेश

Get real time updates directly on you device, subscribe now.