लखनऊ में ग्रीन कॉरिडोर से सीधे जुड़ेगा नैमिष नगर, 53 करोड़ से बनेगी 9.9 किमी सड़क

Lucknow Green Corridor: लखनऊ में नैमिष नगर योजना की कनेक्टिविटी बेहतर करने के लिए विकास प्राधिकरण ने काम तेज कर दिया है। किसान पथ से IIM रोड के बीच बन रहे ग्रीन कॉरिडोर को अब नैमिष नगर से भी जोड़ा जाएगा। इसके लिए IIM रोड के घैला पुल से नैमिष नगर तक 9.9 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर रूट पर 53 करोड़ रुपये की लागत से काम शुरू हो गया है।

इस मार्ग के बनने से आसपास की बड़ी आबादी को आवागमन के लिए बेहतर रास्ता मिलेगा। लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने गुरुवार को मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े काम तय समय में पूरा करने के निर्देश दिए।

IIM रोड से मुबारकपुर चौराहे तक सड़क होगी 24 मीटर चौड़ी

नैमिष नगर को मुख्य मार्ग से जोड़ने के लिए IIM रोड से मुबारकपुर चौराहे होते हुए आने वाली सड़क का चौड़ीकरण किया जाएगा। फिलहाल इस सड़क की चौड़ाई करीब 10 मीटर है और इस रास्ते पर वाहनों का दबाव काफी रहता है। इसे बढ़ाकर 24 मीटर किया जाएगा, ताकि यातायात सुगम हो सके।

योजना के तहत 24 मीटर चौड़ी बंधा रोड और लिंक रोड भी बनाई जाएगी। LDA उपाध्यक्ष ने निर्देश दिए कि नैमिष नगर योजना के फेज-1 के सभी सेक्टरों में सेक्टोरल रोड का निर्माण शुरू कराने के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी की जाए।

1,673 प्लॉट के लिए पंजीकरण, 16 निविदाओं से चल रहे विकास कार्य

LDA की नैमिष नगर योजना के ब्रह्म खंड और भूमि खंड में फेज-1 व फेज-2 के तहत कुल 1,673 भूखंडों के लिए पंजीकरण खोले गए हैं। इन दोनों सेक्टरों में सड़क, सीवर, पानी की पाइपलाइन और ड्रेनेज समेत बुनियादी सुविधाओं का विकास किया जा रहा है।

गुरुवार को निरीक्षण से पहले प्रथमेश कुमार ने ग्राम पलहरी स्थित साइट ऑफिस में बैठक कर कामकाज की समीक्षा की। इसमें बताया गया कि कुल 16 निविदाओं के माध्यम से अलग-अलग विकास कार्य कराए जा रहे हैं। मौके पर सभी स्थानों पर निर्माण कार्य जारी मिला।

उपाध्यक्ष ने निर्देश दिया कि जिन दो सेक्टरों में भूखंडों के लिए पंजीकरण खोले गए हैं, वहां सड़क निर्माण का काम बरसात से पहले पूरा किया जाए।

सैदापुर और कोडरी भौली में भी होंगे विकास कार्य

नैमिष नगर योजना के दायरे में आने वाले गांवों में भी LDA बुनियादी सुविधाओं से जुड़े काम कराएगा। प्रथमेश कुमार ने भूमि खंड और ब्रह्म खंड के बीच स्थित सैदापुर और कोडरी भौली गांवों में विकास कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए हैं।

निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता मानवेन्द्र सिंह, एसडीएम संगीता राघव, जोनल अधिकारी अतुल कृष्ण सिंह, अधिशासी अभियंता अजीत कुमार और नीरज कुमार तथा प्रभारी अधिशासी अभियंता विशाल यादव समेत अन्य अधिकारी और अभियंता मौजूद रहे।

Also Read: लखनऊ में कोडीन कफ सिरप का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, जेल में बंद लोगों से मिलने पहुंचा था 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.