Lucknow: आयकर अधिकारियों के विवाद में बड़ा एक्शन, असिस्टेंट कमिश्नर योगेंद्र मिश्रा सस्पेंड

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ में आयकर विभाग के दो सीनियर अधिकारियों के बीच चल रहा आपसी विवाद अब बेहद गंभीर मोड़ पर पहुंच गया है। मामला इस हद तक बढ़ गया कि आपसी कहासुनी मारपीट में तब्दील हो गई। विवाद में एक अधिकारी पर शारीरिक हमले और परिवार को धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगे हैं।

जानकारी के मुताबिक, यह झगड़ा संयुक्त आयुक्त योगेंद्र मिश्रा और उपायुक्त गौरव गर्ग के बीच का है। गुरुवार शाम हजरतगंज के नरही स्थित आयकर भवन में दोनों के बीच किसी बात को लेकर बहस छिड़ गई, जो जल्द ही हिंसक हो गई। आरोप है कि गुस्से में योगेंद्र मिश्रा ने एक कांच का गिलास उठाकर फेंक दिया, जो सीधा गौरव गर्ग के सिर और होंठ पर लगा। इससे उन्हें गहरी चोट आई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

आयकर विभाग ने की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद आयकर विभाग ने भी तत्काल कार्रवाई करते हुए योगेंद्र मिश्रा को सस्पेंड कर दिया। साथ ही उन्हें बंगाल-सिक्किम रीजन से अटैच कर दिया गया है। दूसरी ओर, घायल अधिकारी गौरव गर्ग की ओर से पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई गई है और मामले की जांच जारी है।

सूत्रों के मुताबिक, दोनों अधिकारियों के बीच पुराना विवाद चल रहा था। मार्च महीने में आयोजित एक आईआरएस क्रिकेट टूर्नामेंट में टीम में जगह न मिलने से नाराज़ योगेंद्र मिश्रा ने मैदान पर ही बवाल किया था। उन्होंने कथित तौर पर अन्य अधिकारियों को धमकाया था और अपने प्रभावशाली रिश्तेदारों जिनमें कई जज और वरिष्ठ नौकरशाह शामिल हैं का हवाला देकर दबाव बनाने की कोशिश की थी। उस घटना को लेकर पहले से विभागीय जांच चल रही थी, और माना जा रहा है कि हालिया हमला उसी विवाद की कड़ी हो सकता है।

फिलहाल, आयकर विभाग की ओर से इस पूरे मामले पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन अंदरूनी सूत्रों की मानें तो विभाग ने अपनी आंतरिक जांच भी शुरू कर दी है।

Also Read: Bareilly: आंवला सीएचसी में डॉक्टर नदारद, फार्मासिस्ट चला रहे हैं ओपीडी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.