Lucknow: काकोरी में बुजुर्ग के साथ अमानवीय व्यवहार, आरोपी गिरफ्तार, सपा ने कही ये बात
Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ के काकोरी नगर पंचायत स्थित शीतला देवी मंदिर परिसर में एक बुजुर्ग दलित व्यक्ति के साथ अमानवीय व्यवहार करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बुजुर्ग रामपाल ने आरोप लगाया था कि खांसी आने पर परिसर में अनजाने में पेशाब कर देने के बाद, एक व्यक्ति ने उन्हें डरा-धमकाकर वह गंदगी चाटने पर मजबूर किया।
पीड़ित ने बताई आपबीती
पीड़ित रामपाल (जो एक सांस के रोगी हैं), ने बताया कि खांसी आने के कारण उनसे गलती से पेशाब हो गई थी। इस पर, वहां मौजूद पम्मू नामक व्यक्ति ने उन्हें धमकाया और जबरन पेशाब चटवाई। रामपाल ने अपनी बीमारी से संबंधित दवाएँ भी दिखाईं। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
राजनीतिक दलों ने किया दौरा
इस घटना के बाद राजनीति तेज हो गई है। पूर्व मंत्री कौशल किशोर के नेतृत्व में भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को पीड़ित रामपाल से मुलाकात की। कौशल किशोर ने इस घटना को ‘गलत’ बताया और पीड़ित को न्याय दिलाने तथा आरोपी को कठोर सजा दिलाने का आश्वासन दिया।
समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद आरके चौधरी और भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष अजय गौतम समेत कई सामाजिक संगठनों के लोग भी पीड़ित रामपाल के घर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मिलकर हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। सभी नेताओं ने इस अमानवीय व्यवहार की निंदा की और कहा कि किसी भी व्यक्ति के साथ ऐसा व्यवहार नहीं किया जाना चाहिए।
Also Read: बिहार चुनाव में महागठबंधन को एक और झटका, मोहनिया से आरजेडी प्रत्याशी श्वेता सुमन का नामांकन रद्द

