लखनऊ में जनसेवा केंद्र संचालक से लूट का खुलासा, 4 आरोपी गिरफ्तार
Lucknow News: लखनऊ के गोसाईगंज में जनसेवा केंद्र संचालक से हुई लूट का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। सर्विलांस सेल जोन दक्षिणी और गोसाईगंज पुलिस की संयुक्त टीम ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 1.50 लाख रुपये नकद, लूट के पैसों से खरीदे गए दो मोबाइल, दस्तावेज, एक डंडा और घटना में इस्तेमाल अपाचे बाइक बरामद की है। बरामद मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब 70 हजार रुपये बताई गई है।
रेकी के बाद दिया वारदात को अंजाम
पुलिस के मुताबिक, महुरा खुर्द निवासी राहुल कुमार ने 8 अगस्त को शिकायत दी थी। उन्होंने बताया था कि 6 अगस्त को बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें रास्ते में रोककर बैग लूट लिया था। मामले में गोसाईगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया।
जांच के लिए पांच टीमें बनाई गईं। पुलिस ने करीब 150 से 200 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जुटाए। इसके आधार पर 14 अगस्त की रात चारों आरोपियों को पकड़ा गया।
जनसेवा केंद्र के कैश की थी जानकारी
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि शुभम को राहुल के जनसेवा केंद्र चलाने और रात में कैश लेकर अकेले घर जाने की जानकारी थी। इसके बाद चारों ने रेकी की और लूट की योजना बनाई। आरोप है कि 6 अगस्त की शाम राहुल दुकान बंद कर घर जा रहे थे। महुराकला से महुरा खुर्द के बीच आरोपियों ने उन्हें डंडे से मारा और बैग लेकर भाग गए।
पुलिस के अनुसार, लूट के पैसे से मोबाइल खरीदे गए और अलग-अलग होटलों में पार्टी की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अरुण कुमार उर्फ गोल्डी, शिवा, चंचल यादव उर्फ लाला और शुभम रावत के रूप में हुई है। चारों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस टीम को 15 हजार रुपये और प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया।

