Lucknow News: यूपी STF के हत्थे चढ़े 2 अंतरराज्यीय तस्कर, 260 किग्रा गांजा बरामद

Lucknow News: उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने मादक पदार्थों की अवैध तस्करी करने वाले एक अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो तस्करों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लगभग 65 लाख रुपये मूल्य का 260 किलोग्राम गांजा और तस्करी में इस्तेमाल किया जा रहा एक ट्रक बरामद किया गया है। यह सफलता एसटीएफ मुख्यालय की टीम को अपर पुलिस अधीक्षक अमित कुमार नागर के पर्यवेक्षण में, बाराबंकी जिले के हैदरगढ़-बछरावां मार्ग पर मिली।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान विकास कुमार निवासी: नजीरपुर मसौदा, थाना पूराकलन्दर और सिकंदर अली निवासी: धन्नीपुर बुधौलिया, थाना रौनाही, जनपद अयोध्या जिले के रूप में हुई है। आरोपियों के पास से 260 किग्रा गांजा बरामद हुई है, जिसकी कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित 65 लाख रुपये आंकी जा रही है। इसके अलावा एक ट्रक (पंजीकरण संख्या: UP 42 CT 7522) व 2 मोबाइल फोन, पैन कार्ड व पहचान दस्तावेज मिले हैं।

यूपी STF के हत्थे चढ़े 2 अंतरराज्यीय तस्कर

ओडिशा से लखनऊ लाई जा रही थी खेप

एसटीएफ को सूचना मिली थी कि ओडिशा के बोध इलाके से ट्रक (UP 42 CT 7522) में छिपाकर गांजे की एक बड़ी खेप लखनऊ भेजी जा रही है। इस पर कार्रवाई करते हुए एसटीएफ टीम ने क्षेत्रधिकारी हैदरगढ़ समीर सिंह को साथ लेकर घेराबंदी की और चीनी मिल नहर पुलिया मोड़ के पास ट्रक को रोककर तलाशी ली, जहां से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।

कड़ाई से पूछताछ करने पर मुख्य आरोपी विकास कुमार ने बताया कि वह 6 अगस्त को अयोध्या से ओडिशा गया था। वहां ट्रक में गोरखपुर के लिए चावल और मसाले लोड किए गए। इसी दौरान गिरोह के अन्य साथियों (मुकेश व सूरज) ने उसे लखनऊ में गांजा डिलीवर करने के बदले 50,000 रुपये देने का सौदा किया था।

इस संबंध में बाराबंकी के थाना हैदरगढ़ में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 271/2026, धारा 8/20/29/60 एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत एफआईआर पंजीकृत करा दी गई है। स्थानीय पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई और गिरोह से जुड़े अन्य नेटवर्क की तलाश कर रही है।

Also Read: रोक-टोक से नाराज 16 साल के बेटे ने की पिता की हत्या, फिर मेट्रो के आगे कूदकर दी जान

Get real time updates directly on you device, subscribe now.