लखनऊ में महिला दरोगा को शिक्षिका ने मारा थप्पड़, शिकायत सुनने में देरी पर हुआ विवाद, FIR दर्ज

Lucknow News: लखनऊ के महानगर कोतवाली में शनिवार को शिकायत लेकर पहुंची एक महिला टीचर और महिला दरोगा के बीच विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ा कि दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। महिला दरोगा ने शिक्षिका पर थप्पड़ मारने और वर्दी फाड़ने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। हंगामा बढ़ने पर वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने दोनों को अलग किया। पुलिस ने दरोगा की तहरीर पर शिक्षिका के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

विवाद की शिकायत लेकर थाने पहुंची थीं शिक्षिका

इंस्पेक्टर महानगर अखिलेश कुमार मिश्र के मुताबिक, महिला दरोगा सान्या निरंजन की तहरीर पर केस दर्ज किया गया है। शिक्षिका उन्नाव के सर्वोदय नगर में रहती हैं और पीलीभीत के एक प्राथमिक विद्यालय में तैनात हैं।

शनिवार को विज्ञानपुरी मोहल्ले में शिक्षिका का किसी व्यक्ति से विवाद हुआ था। इसी मामले की शिकायत लेकर वह महानगर कोतवाली पहुंचीं। सान्या निरंजन विज्ञानपुरी क्षेत्र की हल्का प्रभारी हैं। उस समय वह क्षेत्र में गश्त कर रही थीं। कुछ देर बाद थाने पहुंचने पर उन्होंने शिक्षिका की शिकायत सुनी और मामले में कार्रवाई शुरू की।

कार्रवाई के दौरान भड़कीं, थप्पड़ मारने का आरोप

पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के बीच शिक्षिका अचानक भड़क गईं और दरोगा से हाथापाई करने लगीं। इसी दौरान उन्होंने दरोगा को थप्पड़ मार दिया। दरोगा की वर्दी फाड़ने की कोशिश का भी आरोप है। पुलिसकर्मियों ने शिक्षिका को अलग किया।

वहीं, शिक्षिका ने दरोगा पर शिकायत पर सुनवाई न करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि वह काफी देर से थाने में बैठी थीं और दरोगा देर से पहुंचीं। पुलिस ने मारपीट, सरकारी कार्य में बाधा डालने समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। मामले की जांच जारी है।

Also Read: लाल टोपी के बाद अब नीली ड्रेस में भी दिखेंगे सपाई, अखिलेश ने बदला ड्रेस कोड 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.