Siddharthanagar News: सिद्धार्थ विश्वविद्यालय परिसर में खुलेगा मदर डेयरी का कियोस्क, विद्यार्थियों-कर्मचारियों को मिलेगी सुविधा

Siddharthanagar News: सिद्धार्थ विश्वविद्यालय कपिलवस्तु परिसर (सिद्धार्थनगर) में जल्द ही मदर डेयरी का कियोस्क शुरू किया जाएगा।

इसके लिए सिद्धार्थ विश्वविद्यालय और मदर डेयरी के बीच समझौता हुआ है। कियोस्क शुरू होने के बाद विद्यार्थियों, शिक्षकों, कर्मचारियों, परिसर में रहने वाले परिवारों और यहां आने वाले अभिभावकों को दूध समेत अन्य खाद्य उत्पाद आसानी से उपलब्ध हो सकेंगे।

300 से ज्यादा परिवारों को मिलेगा लाभ

विश्वविद्यालय परिसर में करीब 300 परिवार रहते हैं। इसके अलावा बड़ी संख्या में विद्यार्थी यहां अध्ययनरत हैं।

विश्वविद्यालय से जुड़े छह जिलों के सैकड़ों महाविद्यालयों के शिक्षक-कर्मचारी भी प्रशासनिक कार्यों के लिए परिसर में आते रहते हैं। विद्यार्थियों के अभिभावकों का भी लगातार आना-जाना रहता है।

ऐसे में मदर डेयरी का कियोस्क शुरू होने से परिसर में ही दैनिक जरूरत के दूध और अन्य खाद्य उत्पाद उपलब्ध हो सकेंगे।

इससे विद्यार्थियों और विश्वविद्यालय परिवार को खरीदारी के लिए परिसर से बाहर जाने की जरूरत कम होगी।

विश्वविद्यालय में सुविधाओं का हो रहा विस्तार

कुलपति प्रो. कविता शाह ने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों और पूरे विश्वविद्यालय परिवार को बेहतर व सुविधाजनक माहौल उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।

मदर डेयरी कियोस्क की स्थापना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे विद्यार्थियों, परिसर में रहने वाले परिवारों और आगंतुकों को सुविधा मिलेगी।

विश्वविद्यालय के कुलसचिव ने कहा कि विद्यार्थियों, शिक्षकों, कर्मचारियों और आगंतुकों की जरूरतों को देखते हुए परिसर में सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है।

मदर डेयरी के साथ हुआ समझौता गुणवत्तापूर्ण दुग्ध और खाद्य उत्पादों की आसान उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में अहम कदम है।

मदर डेयरी की ओर से भी परिसर में गुणवत्तापूर्ण उत्पाद और सुविधाजनक सेवा उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता जताई गई है।

निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद कियोस्क को जल्द शुरू किया जाएगा।

रिपोर्ट- ज़ाकिर खान

Also Read: Siddharthanagar News: 12 सितंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत, जनपद न्यायाधीश ने प्रचार वाहन को दिखाई हरी झंडी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.