Lucknow News: शादी का वादा कर 6 साल तक बनाए संबंध, युवती के गर्भवती होते ही मुकरा आरोपी

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के मड़ियांव क्षेत्र में एक युवती ने अपने परिचित युवक पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि आरोपी ने कई वर्षों तक शादी का भरोसा देकर शारीरिक संबंध बनाए। जब वह गर्भवती हुई तो उसने शादी से इनकार कर दिया और गर्भपात कराने का दबाव बनाया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। पुलिस ने युवती की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

आरोपी और परिजनों पर गंभीर आरोप

पीड़िता के अनुसार, उसकी मुलाकात करीब छह साल पहले जानकीपुरम के 60 फीटा रोड निवासी अतुल कुमार रावत से हुई थी। आरोप है कि युवक ने शादी का वादा कर कई बार शारीरिक संबंध बनाए। जब युवती 15 सप्ताह की गर्भवती हुई और उसने शादी की बात कही, तो आरोपी ने साफ इनकार कर दिया।

युवती का आरोप है कि आरोपी के पिता मेवालाल रावत, मां और मामा कालीचरण रावत ने भी गर्भपात कराने और पैसे देकर मामला खत्म करने का दबाव बनाया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी और उसके परिवार के लोग लगातार उसे और उसके परिजनों को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, आरोपी की तलाश जारी

मड़ियांव इंस्पेक्टर शिवानंद मिश्रा ने बताया कि युवती की तहरीर के आधार पर आरोपी और उसके परिजनों के खिलाफ दुष्कर्म, धमकी समेत संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है और मामले की जांच जारी है।

इसी बीच लखनऊ के सैरपुर क्षेत्र में भी शादी का झांसा देकर दुष्कर्म के एक अन्य मामले में पुलिस ने आरोपी शिवराम यादव उर्फ विवेक को गिरफ्तार कर मेडिकल परीक्षण के बाद अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

Also Read: 22 दिन में 8 जगह धंसा लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे, पंखों से सुखाई गई सड़क पर अखिलेश का तंज 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.