अतीक के परिजनों से मिलने प्रयागराज पहुंचीं सपा विधायक पल्लवी पटेल, सियासी गलियारों में सुगबुगाहट तेज
Prayagraj News: सड़क दुर्घटना में अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान की असमय मौत के बाद सपा विधायक और अपना दल (कमेरावादी) की नेता पल्लवी पटेल प्रयागराज के हटवा गांव पहुंचीं। अतीक के बेटे अहजम और भाई अशरफ के बच्चों से मुलाकात कर पल्लवी पटेल ने इस भारी दुख की घड़ी में अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। राजनीतिक दूरियों के बीच पल्लवी पटेल की इस मुलाकात की यूपी के सियासी हलकों में व्यापक चर्चा शुरू हो गई है।
उल्लेखनीय है कि 6 अगस्त 2026 को झांसी जेल में बंद अपने भाई अली से मिलने जाते समय हुए सड़क हादसे में अबान की जान चली गई थी। 8 अगस्त को प्रयागराज के कसारी-मसारी कब्रिस्तान में हुए सुपुर्द-ए-खाक के दौरान हाई कोर्ट की अनुमति से उमर और अली भी शामिल हुए थे। इससे पहले 15 अप्रैल 2023 को अतीक अहमद और अशरफ की हत्या कर दी गई थी, जबकि असद 13 अप्रैल 2023 को झांसी में एनकाउंटर में मारा गया था। वर्तमान में उमर लखनऊ और अली झांसी जेल में निरुद्ध हैं, जबकि शाइस्ता परवीन अभी भी फरार है।
पूर्व सांसद मरहूम जनाब अतीक अहमद जी के छोटे बेटे अबान अहमद के सड़क दुर्घटना में आकस्मिक निधन के उपरांत उनके परिजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की।
तथागत गौतम बुद्ध जी से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति दें। 🙏 pic.twitter.com/bmMr8S9EjA
— Dr. Pallavi Patel (@pallavi_apnadal) August 14, 2026
मुलाकात के बाद सिराथू विधायक पल्लवी पटेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा कि उन्होंने पूर्व सांसद मरहूम अतीक अहमद के बेटे अबान के आकस्मिक निधन पर परिजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को यह दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
गौरतलब है कि अपना दल के संस्थापक स्वर्गीय सोनेलाल पटेल और अतीक अहमद के बीच पुराने मधुर संबंध रहे थे। अतीक खुद भी अपना दल से जुड़े रहे थे। माना जा रहा है कि पल्लवी पटेल ने उन्हीं पारिवारिक और पुराने संबंधों के नाते यह मुलाकात की है, हालांकि राजनीतिक विशेषज्ञ इसके अपने-अपने सियासी मायने तलाश रहे हैं।
Also Read: Lucknow News: स्वतंत्रता दिवस पर समर विहार में गूंजा देशभक्ति का संदेश, युवाओं की बेचैनी पर उठे सवाल

