Lucknow News: मलिहाबाद के कटौली में 27.22 करोड़ की लागत से बनेगा मॉडल कंपोजिट स्कूल, विधायक जयदेवी कौशल ने रखी नींव

Lucknow News: ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को बेहतर और आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए मलिहाबाद (लखनऊ) के कटौली गांव में 27 करोड़ 22 लाख रुपये की लागत से मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय (इंटरमीडिएट) बनाया जाएगा।

गुरुवार को क्षेत्रीय विधायक जयदेवी कौशल ने हवन-पूजन के बाद विद्यालय की आधारशिला रखी। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख निर्मल वर्मा और पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री कौशल किशोर के पुत्र विकास किशोर ‘आशू’ भी मौजूद रहे।

प्री-प्राइमरी से इंटर तक होगी पढ़ाई

विद्यालय में प्री-प्राइमरी से इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई होगी। इसमें 28 कमरों का निर्माण कराया जाएगा।

इसके अलावा विद्यार्थियों के लिए खेल मैदान और प्रयोगशालाएं बनाई जाएंगी। शिक्षकों के लिए आवास की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।

विधायक जयदेवी कौशल ने कहा कि विद्यालय बनने के बाद ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को गांव में ही बेहतर शिक्षा मिल सकेगी।

खासकर बेटियों को इंटरमीडिएट की पढ़ाई के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को भी आधुनिक सुविधाओं के साथ शिक्षा का अवसर मिलेगा।

ग्राम प्रधान के प्रयास से मिली मंजूरी

ग्राम प्रधान नवीन यादव ने गांव में बेहतर सरकारी स्कूल की जरूरत को लेकर विधायक और अधिकारियों से मांग की थी।

उनके प्रयास और विधायक के सहयोग से विद्यालय निर्माण की स्वीकृति मिली।

विकास किशोर ‘आशू’ ने कहा कि विद्यालय में बच्चों को बड़े निजी स्कूलों की तरह बेहतर शैक्षिक सुविधाएं मिलेंगी। वहीं ब्लॉक प्रमुख निर्मल वर्मा ने कहा कि शिक्षा व्यक्ति, परिवार और समाज के विकास का सबसे मजबूत माध्यम है।

विद्यालय का निर्माण यूपी स्टेट कंस्ट्रक्शन एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड, लखनऊ इकाई द्वारा कराया जाएगा।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों के अलावा शिक्षक और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Also Read: आगरा में BJP विधायक के भाई समेत 6 पर FIR, नौकरी के नाम पर 16 लाख ठगी का आरोप

Get real time updates directly on you device, subscribe now.