Lucknow News: फर्जी मार्कशीट से पाई नौकरी, महिला टीचर के खिलाफ दर्ज हुई FIR
Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ के बख्शी का तालाब (बीकेटी) में स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की सहायक अध्यापिका रोहिणी शर्मा की मुश्किलें बढ़ गई हैं। शिक्षा विभाग की जांच में यह बात सामने आई है कि उन्होंने फर्जी मार्कशीट का इस्तेमाल कर नौकरी हासिल की थी। आरोप साबित होने पर उनकी नियुक्ति रद्द कर दी गई है और अब उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा रही है।
आजमगढ़ के मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक की जांच रिपोर्ट के मुताबिक, रोहिणी शर्मा का असली मेरिट स्कोर 73.41 था, जबकि चयन के समय इसे बढ़ाकर 74.06 दिखाया गया। इसका मतलब है कि उन्होंने अंकों में हेराफेरी कर खुद को नौकरी के योग्य साबित किया। शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) के कार्यालय से 1 अगस्त, 2025 को जारी हुए एक आदेश में कहा गया है कि रोहिणी शर्मा अपने दस्तावेजों की प्रामाणिकता साबित करने के लिए कोई भी वैध प्रमाण पेश नहीं कर पाईं।
FIR हुई दर्ज
जिला विद्यालय निरीक्षक (द्वितीय) के निर्देश पर, स्कूल की प्रिंसिपल डॉ. अंजु मिश्रा ने गुडंबा थाने में रोहिणी शर्मा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। पत्र में कहा गया है कि यह एक गंभीर आपराधिक मामला है, क्योंकि उन्होंने धोखाधड़ी से सरकारी नौकरी पाई।
Also Read: लखनऊ-बहराइच हाईवे पर बड़ा हादसा, बस ने श्रद्धालुओं से भरी पिकअप को मारी टक्कर, 17 घायल

