लखनऊ पासपोर्ट कार्यालय में हिंदी पखवाड़े का समापन, कवि सम्मेलन में कवियों ने बांधा समां
Lucknow News: लखनऊ स्थित क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय में आयोजित हिंदी पखवाड़ा-2026 का 30 सितंबर को समापन हुआ। इस दौरान पुरस्कार वितरण समारोह के साथ कवि सम्मेलन भी आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य कार्यालय के कामकाज में हिंदी के इस्तेमाल को बढ़ावा देना और अधिकारियों-कर्मचारियों में राजभाषा हिंदी के प्रति रुचि बढ़ाना था।
प्रतियोगिताओं में अधिकारियों-कर्मचारियों ने लिया हिस्सा
हिंदी पखवाड़ा 14 से 28 सितंबर तक आयोजित किया गया। इस दौरान सालभर हिंदी में उत्कृष्ट काम करने वाले अनुभागों के बीच प्रतियोगिता हुई। इसके अलावा हिंदी निबंध और भाषण प्रतियोगिताओं में अधिकारियों व कर्मचारियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने अपनी भाषा और रचनात्मक क्षमता का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय की कनिष्ठ अनुवाद अधिकारी लकी सिंह को भी बधाई दी गई। उन्हें छठे अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन में आयोजित लोगो प्रतियोगिता में दूसरा स्थान मिला था। हिंदी दिवस-2026 के अवसर पर नवी मुंबई में हुए समारोह में गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय और संजय कुमार बंडी ने उन्हें पुरस्कार प्रदान किया था।
कवि सम्मेलन में हास्य और व्यंग्य की प्रस्तुतियां
समापन समारोह का मुख्य आकर्षण कवि सम्मेलन रहा। इसमें प्रसिद्ध कवि पंकज प्रसून, गजेंद्र प्रियांशु, कमल किशोर भावुक और रश्मि शरद ने अपनी रचनाएं सुनाईं। कवियों ने हास्य, व्यंग्य, ओज और भावपूर्ण प्रस्तुतियों से श्रोताओं का मनोरंजन किया। अधिकारियों और कर्मचारियों ने तालियां बजाकर कवियों का उत्साह बढ़ाया।
इस अवसर पर पासपोर्ट अधिकारी ज्ञानवीर सिंह ने आमंत्रित कवियों को सम्मानित किया। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल होने और अपनी प्रस्तुतियों से समारोह को खास बनाने के लिए कवियों का आभार जताया।
Also Read; Lucknow News: यूपी पुलिस झूठों का झुंड, कानून के राज का खत्म हुआ भरोसा- राकेश वर्मा

