Lucknow: पुलिस मुठभेड़ के दौरान इनामी बदमाश फरमान अली गिरफ्तार, अवैध हथियार और गाड़ी बरामद

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के गाजीपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को पुलिस और एक इनामी बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें फरार चल रहा आरोपी फरमान अली घायल हो गया। उसे मौके से गिरफ्तार कर इलाज के लिए बलरामपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फरमान पर हत्या के प्रयास के मामले में ₹10,000 का इनाम घोषित था। पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा, कारतूस और एक महिंद्रा XUV 500 गाड़ी भी बरामद की है।

कौन है फरमान अली?

गिरफ्तार आरोपी फरमान अली, दीनदयालपुरम तकरोही, थाना इंदिरानगर का निवासी है और प्रॉपर्टी का काम करता है। उसकी उम्र लगभग 26 वर्ष बताई जा रही है। फरमान मुरसलीन नामक युवक पर जानलेवा हमले में वांछित था। उस पर पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें गाजीपुर और इंदिरानगर थानों में गंभीर धाराएं शामिल हैं।

कैसे हुई गिरफ्तारी?

30 मई को गाजीपुर और पूर्वी जोन की क्राइम टीम संदिग्ध बदमाशों की तलाश में आम्रपाली चौराहे पर चेकिंग कर रही थी। तभी एक बिना नंबर प्लेट की सफेद रंग की XUV 500 गाड़ी तेज रफ्तार में बी-ब्लॉक की तरफ आती दिखी। जब पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की, तो ड्राइवर गाड़ी भगा ले गया।

पुलिस ने वायरलेस के माध्यम से अन्य चौकियों को सतर्क किया और पीछा करते हुए कल्याण अपार्टमेंट के पास गाड़ी को घेर लिया। तभी गाड़ी चला रहा फरमान अली पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने लगा। गनीमत रही कि गोली किसी को नहीं लगी।

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हुए गोली चलाई, जो आरोपी को लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम फरमान अली बताया।

क्या-क्या हुआ बरामद?

  • एक अवैध देशी तमंचा (.315 बोर)
  • एक जिंदा और एक खोखा कारतूस (.315 बोर)
  • महिंद्रा XUV 500 गाड़ी (UP32FQ2514 नंबर प्लेट बरामद)

गाड़ी की जांच में पता चला कि इसी वाहन का इस्तेमाल पहले मुरसलीन पर की गई फायरिंग में भी हुआ था।

पिछले मामलों में भी फरार था आरोपी

फरमान अली पहले से ही गाजीपुर थाने में दर्ज केस संख्या 177/2025 में नामजद था, जिसमें हत्या की कोशिश, अवैध हथियार रखने और अन्य गंभीर धाराएं शामिल थीं। इसके अलावा उस पर इंदिरानगर थाने में दो अन्य केस भी दर्ज हैं।

अन्य आरोपियों की तलाश जारी

मुरसलीन पर फायरिंग मामले में अब तक कई आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जिनमें अरशल गाजी, फैज रिजवी और अनिकेत कौशल उर्फ अमन कौशल शामिल हैं। पुलिस अब भी फरार चल रहे अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

Also Read: Gonda Triple Murder Case: 42 महीनों से सिर्फ लकीर पीट रही पुलिस!

Get real time updates directly on you device, subscribe now.