लखनऊ में राइड बुक कर ऑटो चालकों से लूटपाट करने वाला गैंग गिरफ्तार, पकड़े गए 3 आरोपी
Lucknow News: लखनऊ के सैरपुर इलाके में राइड बुक कर ऑटो चालकों से लूटपाट करने वाले गैंग का पुलिस ने खुलासा किया है। सैरपुर पुलिस और सर्विलांस/स्वाट टीम ने 1 अक्टूबर 2026 को नरहरपुर पुलिया, आईआईएम बाउंड्रीवाल के पास से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनके पास से दो मोबाइल फोन, 9,600 नकद, एक एटीएम कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस बरामद हुआ है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंचल सिंह उर्फ मंगल सिंह निवासी विश्रामपुर, बीकेटी, अमित रावत उर्फ अन्नू और हर्षित रावत उर्फ डूडू निवासी भौली, बीकेटी के रूप में हुई है। हर्षित की उम्र करीब 19, अमित की 30 और अंचल की 34 वर्ष बताई गई है।
दो घटनाओं में नकदी और ऑनलाइन रकम लूटी
पुलिस के मुताबिक 28 सितंबर को मेडिकल कॉलेज कन्वेंशन सेंटर के पास से मुबारकपुर चौराहा जाने के लिए ऑटो बुक कराया गया। चालक से मोबाइल और 4,000 लूटने के बाद QR कोड के जरिए 330 और फिर 3,600 ऑनलाइन ट्रांसफर कराए गए।
29 सितंबर को सेवा हॉस्पिटल से रैथा रोड स्क्वायर लान जाने के लिए ऑटो बुक कर चालक से 400 और मोबाइल लूटा गया। मोबाइल से करीब 1,070 ऑनलाइन ट्रांसफर किए गए।
बीकेटी की वारदात भी कबूली
पूछताछ में आरोपियों ने 27 सितंबर को बीकेटी क्षेत्र में भी इसी तरह की लूट करना बताया। इस मामले में मुकदमा संख्या 386/2026 दर्ज है। सैरपुर की दोनों घटनाओं में बरामदगी के आधार पर धारा 317(2) बीएनएस बढ़ाई गई है। पुलिस के अनुसार आरोपी लूटे सामान को बेचकर रकम निजी खर्च और शौक में इस्तेमाल करते थे। तीनों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है और आगे की जांच जारी है।
Also Read; लखनऊ पासपोर्ट कार्यालय में हिंदी पखवाड़े का समापन, कवि सम्मेलन में कवियों ने बांधा समां

