Lucknow News: गोमती का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ जैसे हालात, डीएम ने नाव से लिया जायजा

Lucknow News: गोमती नदी का जलस्तर बढ़ने से प्रभावित इलाकों में जिला प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य तेज कर दिए हैं।

रविवार को जिलाधिकारी विशाख जी और संयुक्त पुलिस आयुक्त बब्लू कुमार ने जेहटा, बरावन कला, सैंथा, माल रोड और फैजुल्लागंज समेत प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया।

अधिकारियों ने नाव से बस्तियों में पहुंचकर हालात का जायजा लिया और लोगों की सुरक्षा के लिए जरूरी निर्देश दिए।

ग्राम सैंथा में निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने नगर मजिस्ट्रेट को निर्देश दिए कि गर्भवती महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को प्राथमिकता के आधार पर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाए।

इसके लिए तत्काल 10 नावों की व्यवस्था करने को कहा गया। प्रभावित परिवारों को भोजन और राहत किट उपलब्ध कराने के साथ पशुओं के लिए भूसा और चारे का इंतजाम करने के भी निर्देश दिए गए।

घर-घर पहुंचाई जा रही राहत सामग्री

जिलाधिकारी ने बाढ़ राहत शिविरों का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं और दवाओं की जानकारी ली। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को पर्याप्त दवा किट तैयार रखने और जरूरतमंदों तक तत्काल पहुंचाने के निर्देश दिए।

Lucknow News

प्रशासन के मुताबिक, सुबह से ही अधिकारियों और कर्मचारियों की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में सक्रिय हैं। नावों के जरिए घर-घर राहत किट पहुंचाई जा रही हैं।

अधिकारियों को सभी प्रभावित परिवारों तक भोजन, दवाएं और जरूरी सुविधाएं पहुंचाने के लिए आपसी समन्वय से काम करने को कहा गया है।

रात में बढ़ेगी पुलिस गश्त, दाऊद नगर में बनेगा कंट्रोल रूम

प्रभावित इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए रात के समय पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके अलावा दाऊद नगर में अतिरिक्त कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा, ताकि लोगों की शिकायतों और जरूरतों पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।

इससे राहत और बचाव कार्यों की निगरानी भी की जाएगी।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को गोमती नदी के जलस्तर और प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि संवेदनशील इलाकों में तैनात अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी करें और जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी नगर पूर्वी, नगर मजिस्ट्रेट, उपजिलाधिकारी सदर, उपजिलाधिकारी मलिहाबाद और नगर निगम समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Also Read: Bareilly News: रक्तदान शिविर में अपर नगर आयुक्त ने खुद पहला रक्तदान कर पेश की मिसाल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.