Bareilly News: शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने का आरोपी गिरफ्तार
Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले की आंवला थाना पुलिस ने विवाह का झांसा देकर एक वर्ष तक युवती का शारीरिक शोषण करने और विरोध करने पर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए मारपीट व जान से मारने की धमकी देने के मामले में वांछित चल रहे मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को अलीगंज अड्डे के पास से उस समय दबोचा, जब वह कहीं भागने की फिराक में था।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने 1 अक्टूबर 2026 को थाना आंवला में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि कस्बा आंवला के मोहल्ला बजरिया निवासी 27 वर्षीय अब्बास पुत्र साबिर ने उसे शादी का झांसा देकर लगभग एक साल तक उसका शारीरिक शोषण किया। जब पीड़िता ने शादी का दबाव बनाया, तो आरोपी अब्बास और उसके परिवार के अन्य सदस्यों ने एक राय होकर पीड़िता के साथ गाली-गलौज करते हुए जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया, मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
साक्ष्यों के आधार पर धाराएं बढ़ाई गईं
पीड़िता की तहरीर पर आंवला पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 512/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) और एससी/एसटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया था। विवेचना के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 316(2) की बढ़ोत्तरी भी की गई। रविवार को मुखबिर से मिली सटीक सूचना पर उप-निरीक्षक उज्जवल गंभीर, हेड कांस्टेबल कामेश्वर और कांस्टेबल अनुज कुमार की पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अलीगंज अड्डे से आरोपी अब्बास को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे न्यायालय में पेश कर दिया है।
Also Read: Bareilly News: रक्तदान शिविर में अपर नगर आयुक्त ने खुद पहला रक्तदान कर पेश की मिसाल

