लखनऊ में 8,000 पेड़ बचाने का प्लान, अनंत नगर योजना में होगा मेगा ट्रांसप्लांट अभियान

Lucknow News: लखनऊ में विकसित की जा रही अनंत नगर योजना को लेकर एलडीए (LDA) ने बड़ा फैसला लिया है। योजना के तहत सड़क निर्माण की जद में आने वाले करीब 8,000 पेड़ों को काटने के बजाय उनका प्रत्यारोपण किया जाएगा। इसे उत्तर प्रदेश का अब तक का सबसे बड़ा वृक्ष प्रत्यारोपण अभियान माना जा रहा है। वहीं, निर्माण कार्यों में लापरवाही मिलने पर दो कार्यदायी संस्थाओं पर कुल 12.5 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया।

LDA उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने अनंत नगर योजना का निरीक्षण कर अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेड़ों को सुरक्षित तरीके से योजना के पार्कों और ग्रीन बेल्ट में शिफ्ट किया जाए। इसके लिए विशेषज्ञ संस्था से जल्द सर्वे कराया जाएगा और बारिश के मौसम में ही प्रत्यारोपण का काम पूरा करने की तैयारी है।

8,000 पेड़ों का होगा प्रत्यारोपण

लखनऊ में 8,000 पेड़ बचाने का प्लान, अनंत नगर योजना में होगा मेगा ट्रांसप्लांट अभियान

मुख्य अभियंता मानवेन्द्र सिंह के मुताबिक, योजना की 45, 24 और 12 मीटर चौड़ी प्रस्तावित सड़कों के एलाइनमेंट में करीब 8,000 पेड़ आ रहे हैं। इनमें पहले चरण में 2,098 पेड़ों को हटाना जरूरी है। एलडीए ने इन्हें काटने के बजाय पार्कों और ग्रीन बेल्ट में प्रत्यारोपित करने का फैसला लिया है। साथ ही निर्देश दिए गए हैं कि पेड़ों की शिफ्टिंग से पहले प्रभावित काश्तकारों को प्रतिकर का भुगतान कर दिया जाए।

निर्माण में देरी पर ठेकेदारों पर कार्रवाई

निरीक्षण के दौरान कई निर्माण कार्य तय समय से पीछे मिले। इसके बाद एलडीए ने कार्रवाई करते हुए मेसर्स डी.पी. इन्फ्रास्ट्रक्चर पर 5 लाख रुपये का जुर्माना लगाया। वहीं, मेसर्स राजलक्ष्मी इंटरप्राइजेज पर 7.5 लाख रुपये का जुर्माना लगाया। दोनों पर कुल 12.5 लाख रुपये का आर्थिक दंड लगाया गया है।

LDA उपाध्यक्ष ने सभी सेक्टरों में निर्माण कार्य तेज करने, बरसात को देखते हुए मिट्टी भराई और लेवलिंग प्राथमिकता से कराने तथा मुख्य अभियंता को हर सप्ताह प्रगति रिपोर्ट देने के निर्देश दिए।

नादरगंज से अनंत नगर तक करीब 5 किलोमीटर लंबी सड़क के चौड़ीकरण, आरसीसी ड्रेन और ट्रेंच निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया गया। एलडीए ने इस परियोजना को अक्टूबर 2026 तक पूरा करने और बरसात से पहले नालों को ढकने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी तरह की दुर्घटना की आशंका न रहे।

Also Read: यूपी में महा-पौधरोपण अभियान: 2600 से अधिक नर्सरियों में 57.62 करोड़ पौधे तैयार, 12 जुलाई को रचेगा इतिहास

Get real time updates directly on you device, subscribe now.