Lucknow: CM आवास के पास महिला ने किया आत्मदाह का प्रयास, पुलिस पर लापरवाही का आरोप
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ में मुख्यमंत्री आवास के नज़दीक सोमवार को एक महिला पत्रकार ने पुलिस के रवैये से परेशान होकर आत्मदाह करने की कोशिश की। हालांकि, मौके पर मौजूद आत्मदाह निरोधी दस्ते और पुलिसकर्मियों की मुस्तैदी से उन्हें बचा लिया गया और उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
पीलीभीत के हजारा की रहने वाली सुमित्रा कौर नाम की यह पत्रकार अपने भाई के साथ गौतमपल्ली इलाके में सीएम आवास के पास पहुंची थीं। उन्होंने खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिसकर्मियों ने समय रहते उन्हें पकड़ लिया और आग लगने से बचा लिया।
एसीपी हजरतगंज विकास जायसवाल ने बताया कि सुमित्रा ने हजारा थाना में अपने घर में घुसकर अभद्रता करने की शिकायत दर्ज कराई थी। सुमित्रा का आरोप है कि पुलिस इस मामले में आरोपियों पर कोई कार्रवाई नहीं कर रही है, जिससे वो बेहद परेशान थीं और इसी कारण उन्होंने यह कदम उठाया।
पुलिस ने पीलीभीत पुलिस को घटना की जानकारी दे दी है और मामले से जुड़ी अन्य सूचनाएं जुटाई जा रही हैं। पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है और इसके बाद उनसे पूछताछ की जाएगी।
Also Read: Lucknow: सपा ने तीन पार्टी विधायकों को दिखाया बाहर का रास्ता, जानिए क्या है वजह

