Maggi में निकला कीड़ा, FSSAI ने Nestle India को भेजा नोटिस, शेयर में बड़ी गिरावट
MAGGI Controversy: देश के सबसे लोकप्रिय इंस्टेंट नूडल ब्रांड मैगी को लेकर एक बार फिर विवाद खड़ा हो गया है। सोशल मीडिया पर मैगी के एक पैकेट में कथित तौर पर कीड़े या लार्वा मिलने की शिकायत सामने आने के बाद भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने नेस्ले इंडिया से जवाब तलब किया है। इस खबर का असर शेयर बाजार में भी देखने को मिला और शुक्रवार को कंपनी का शेयर 3% से अधिक गिर गया।
मामले की शुरुआत सोशल मीडिया पर वायरल हुई एक शिकायत से हुई, जिसमें एक उपभोक्ता ने Maggi के पैकेट में कीड़े जैसे तत्व मिलने का दावा किया था। शिकायत सामने आने के बाद FSSAI ने मामले का संज्ञान लेते हुए कंपनी से विस्तृत जानकारी मांगी है।
नियामक संस्था ने Nestle India से संबंधित बैच की गुणवत्ता जांच रिपोर्ट, सप्लायर की जानकारी, उत्पाद की ट्रेसबिलिटी और शिकायत के बाद उठाए गए सुधारात्मक कदमों का ब्योरा मांगा है। साथ ही यह भी पूछा गया है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कंपनी क्या उपाय कर रही है।
इस खबर के सामने आते ही निवेशकों की चिंता बढ़ गई। कारोबार के दौरान नेस्ले इंडिया का शेयर करीब 3.2 फीसदी तक टूट गया और दिन के अंत में गिरावट के साथ बंद हुआ।
हालांकि, नेस्ले इंडिया ने आरोपों को सिरे से खारिज किया है। कंपनी का कहना है कि शिकायत एक असत्यापित सोशल मीडिया अकाउंट से की गई है और अब तक शिकायतकर्ता की ओर से कोई सैंपल उपलब्ध नहीं कराया गया है। कंपनी ने दावा किया कि संबंधित बैच और बाजार से लिए गए सैंपलों की जांच FSSAI मान्यता प्राप्त प्रयोगशालाओं में कराई गई है, जहां किसी भी प्रकार के कीड़े या लार्वा की पुष्टि नहीं हुई।
Nestle India ने कहा कि वह गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा के कड़े मानकों का पालन करती है और मामले में पूरी पारदर्शिता के साथ अधिकारियों को सभी जरूरी दस्तावेज उपलब्ध करा चुकी है।
फिलहाल FSSAI की जांच जारी है और अंतिम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि शिकायत सही थी या नहीं। इसी बीच खाद्य सुरक्षा नियामक ने KFC, Flipkart और Open Secret जैसी अन्य कंपनियों से भी अलग-अलग शिकायतों को लेकर स्पष्टीकरण मांगा है।
Also Read: Inflation Alert: महंगाई दर में बड़ा उछाल, मई में खुदरा मुद्रास्फीति 3.93% पहुंची

