महराजगंज में दरिंदगी की हद पार, गर्भवती पत्नी को ज़िंदा जलाने की कोशिश, गर्भस्थ शिशु की मौत

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। फरेंदा थाना क्षेत्र के गनेशपुर गांव में एक पति ने पारिवारिक विवाद के चलते अपनी गर्भवती पत्नी को पेट्रोल छिड़क कर आग के हवाले कर दिया। इस निर्मम घटना में महिला बुरी तरह झुलस गई, जबकि उसके गर्भ में पल रहे शिशु की दर्दनाक मौत हो गई।

गंभीर हालत में महिला को गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। वहीं पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी पति की तलाश तेज़ कर दी है, जो घटना के बाद से फरार है। पीड़िता सुमन (उम्र 28 वर्ष) और उसका पति गोविंद (उम्र 30 वर्ष) पिछले कुछ समय से आपसी विवादों से जूझ रहे थे। रविवार रात लगभग 11 बजे दोनों के बीच फिर से विवाद हुआ। इस दौरान गोविंद ने बाइक से पेट्रोल निकालकर सुमन पर छिड़क दिया और आग लगा दी।

जब तक सुमन खुद को बचा पाती, तब तक वह आग की लपटों में घिर चुकी थी। चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण दौड़े और किसी तरह आग बुझाई, लेकिन तब तक महिला गहरे रूप से झुलस चुकी थी।

तत्काल अस्पताल में भर्ती

परिजनों ने महिला को नाजुक हालत में बनकटी सीएचसी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के मुताबिक महिला की स्थिति गंभीर बनी हुई है और गर्भस्थ शिशु को नहीं बचाया जा सका। सूचना मिलते ही सीओ फरेंदा दीपशिखा वर्मा और थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार पाठक मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में साफ कहा कि उसके पति ने उसे जिंदा जलाने की कोशिश की।

बताया जा रहा है कि दोनों के बीच आपसी अविश्वास और शक की भावना लंबे समय से चल रही थी। रविवार को यह विवाद इस कदर बढ़ा कि गोविंद ने खौफनाक कदम उठा लिया। सीओ दीपशिखा वर्मा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। घटना की हर पहलू से जांच की जा रही है।

Also Read: पेपर लीक कांड का मुख्य आरोपी और एक लाख का इनामी आयुष पांडेय गिरफ्तार, UP STF ने दबोचा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.