Mainpuri News: पेट्रोल पंप सेल्समैन की गोली मारकर हत्या, दरोगा पर लगे गंभीर आरोप

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले में बेखौफ बदमाशों ने एक पेट्रोल पंप सेल्समैन की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद हमलावर मृतक का मोबाइल भी लूट ले गए। इस घटना ने स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, जहां परिजनों ने एक दरोगा पर ही हत्या की साजिश का आरोप लगाकर हंगामा कर दिया।

मैनपुरी: पंप पर सो रहे सेल्समैन को उतारा मौत के घाट

औंछा थाना क्षेत्र के ग्राम नगला कंचन निवासी गौरव कुमार (35) जसराना रोड स्थित एक पेट्रोल पंप पर सेल्समैन था। शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे, जब गौरव पंप पर सो रहा था, अज्ञात हमलावरों ने उसके सिर में सटाकर गोली मार दी। बदमाश गौरव का मोबाइल साथ ले गए। घटनास्थल पर पुलिस को एक तमंचा पड़ा मिला है। बताया जा रहा है कि 4 मार्च (होली) को पेट्रोल लेने आए कुछ युवकों से पैसों के लेनदेन को लेकर गौरव का विवाद हुआ था।

दरोगा के खिलाफ फूटा गुस्सा

घटनास्थल पर पहुंचे परिजनों ने शव उठाने से इनकार कर दिया और नगला कंचन चौकी प्रभारी अमित सिंह के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। परिजनों का आरोप है कि होली के विवाद के समय दरोगा ने मुख्य आरोपियों को पकड़कर छोड़ दिया था, जिसके कारण आज गौरव की जान गई। पुलिस फिलहाल सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

बस्ती: दोस्त ने ही पैर में सटाकर मारी गोली

वहीं, बस्ती जिले के ओपेक चिकित्सालय कैली के पास भी फायरिंग की घटना सामने आई है। छबिलहा गांव के पास अंकुश उर्फ सूरज शर्मा को उसके दोस्त प्रिंस यादव ने मिलने बुलाया था। किसी बात को लेकर हुई छीनाझपटी के दौरान हमलावर ने अंकुश के दाहिने पैर में सटाकर गोली मार दी, जो जांघ के पार निकल गई। सीओ सिटी सत्येन्द्र भूषण तिवारी के अनुसार, घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है और मामले की जांच जारी है।

Also Read: ईरान ने इजरायल पर दागी मिसाइलों पर लिखा- शुक्रिया भारत, युद्ध के बीच सोशल मीडिया पर तस्वीरें वायरल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.