छठ पर्व की तैयारियों को लेकर मंत्री एके शर्मा ने की समीक्षा बैठक, निर्बाध बिजली और स्वच्छता पर विशेष जोर
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने आगामी छठ पर्व की व्यापक तैयारियों के संबंध में आज अपने कैंप कार्यालय पर नगर विकास और ऊर्जा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने इस महापर्व को आस्था एवं जनभावना से जुड़ा अत्यंत महत्वपूर्ण पर्व बताते हुए सभी व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने का निर्देश दिया ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
नगर विकास विभाग को निर्देश: घाटों पर संपूर्ण व्यवस्था सुनिश्चित करें
मंत्री शर्मा ने नगर विकास विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि छठ घाटों और प्रमुख मार्गों पर सफाई व्यवस्था, फॉगिंग, कीटाणुनाशक दवा का छिड़काव तथा प्रकाश व्यवस्था प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित की जाए।
घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों की मरम्मत, गड्ढामुक्ति और समतलीकरण का कार्य तत्काल पूर्ण किया जाए। नगर निकायों द्वारा घाटों पर अस्थायी चेंजिंग रूम, बैरिकेडिंग, पीने के पानी, शौचालयों की उपलब्धता और कचरा निस्तारण की विशेष व्यवस्था की जाए। भीड़-भाड़ को देखते हुए किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अग्निशमन और चिकित्सा दल को भी तैनात रखने का निर्देश दिया गया।
मंत्री ने जोर देकर कहा कि छठ पर्व के अवसर पर स्वच्छता एवं उचित व्यवस्था ही सबसे बड़ा सेवा कार्य है, इसलिए सभी अधिकारी और कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी के साथ मैदान में उतरें।
ऊर्जा विभाग को निर्देश: 24 घंटे विद्युत आपूर्ति और सुरक्षा
- ऊर्जा मंत्री ने छठ पर्व के दौरान किसी भी क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति बाधित न होने देने के सख्त निर्देश दिए।
- घाटों एवं पूजा स्थलों के आसपास अस्थायी प्रकाश व्यवस्था और हाईमास्ट लाइटों की कार्यशीलता सुनिश्चित की जाए।
- विद्युत सुरक्षा उपायों को प्राथमिकता देते हुए सभी फीडरों एवं ट्रांसफार्मरों की पूर्व जांच करने का निर्देश दिया गया ताकि तकनीकी खराबी न हो।
- सभी सुपरिन्टेंडिंग इंजीनियरों और अधिशासी अभियंताओं को निर्देशित किया गया कि छठ पर्व के दौरान 24 घंटे नियंत्रण कक्ष सक्रिय रहें और शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई हो।
बैठक में नगर विकास प्रमुख सचिव पी गुरु प्रसाद, ऊर्जा विभाग के चेयरमैन आशीष गोयल, निदेशक नगरीय निकाय अनुज झा, निदेशक सूडा अपूर्वा दुबे, एमडी पंकज कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Also Read: लखीमपुर खीरी: मैगलगंज चौराहे पर स्लीपर बस में लगी भीषण आग, 20 यात्री झुलसे

