CM योगी से मिले जापानी राजदूत, सेमीकंडक्टर से MSME तक निवेश बढ़ाने पर चर्चा

CM Yogi: लखनऊ में शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भारत में जापान के राजदूत ओनो केइची ने मुख्यमंत्री आवास पर मुलाकात की। बैठक में उत्तर प्रदेश और जापान के बीच निवेश, आधुनिक तकनीक, सेमीकंडक्टर, कौशल विकास, रोजगार और पर्यटन में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि यूपी जापान के साथ आर्थिक और औद्योगिक रिश्तों को और मजबूत करने के लिए तैयार है।

बैठक में सेमीकंडक्टर क्षेत्र को खास प्राथमिकता दी गई। जापानी पक्ष ने बताया कि जुलाई 2026 में जापानी प्रधानमंत्री ताकाइची की भारत यात्रा के दौरान सेमीकंडक्टर को भारत-जापान आर्थिक सुरक्षा सहयोग के पांच प्रमुख क्षेत्रों में शामिल किया गया था। सितंबर के मध्य जापानी उद्योगों की टीम सेमीकॉन इंडिया के साथ एचसीएल टेक्नोलॉजीज का दौरा करेगी और यूपी में इस सेक्टर की संभावनाओं का अध्ययन करेगी।

जापानी कंपनियों के लिए यूपी में निवेश के अवसर

योगी ने कहा कि यूपी में एमएसएमई से लेकर बड़े उद्योगों तक जापानी कंपनियों के लिए कई अवसर हैं। नोएडा की जापान सिटी को उन्होंने भारत-जापान औद्योगिक साझेदारी का अहम केंद्र बताया। यामाहा, डेंसो, एनटीटी डेटा, टोयो इंक और पैनासोनिक जैसी कंपनियां पहले से प्रदेश में मौजूद हैं।

बैठक में युवाओं को जापानी उद्योगों के मुताबिक प्रशिक्षित करने और जापानी भाषा व तकनीकी प्रशिक्षण को बढ़ावा देने पर भी चर्चा हुई। विनिर्माण, कृषि और नर्सिंग केयर में रोजगार के लिए युवाओं को तैयार करने तथा स्किल डेवलपमेंट सेंटर बनाने की संभावनाओं पर विचार हुआ।

पर्यटन और सांस्कृतिक रिश्तों पर भी जोर

जापान ने सितंबर में होने वाले टूरिज्म एक्सपो जापान 2026 में यूपी की भागीदारी का अनुरोध किया, जिसे सीएम ने स्वीकार कर लिया। वर्ष 2025 में 2.19 लाख जापानी नागरिक भारत आए थे। बैठक में सारनाथ और जापान के नारा के बीच बौद्ध एवं सांस्कृतिक संबंधों पर भी चर्चा हुई। 2027 में भारत-जापान राजनयिक संबंधों के 75 साल पूरे होंगे।

फिलहाल जापान के 200 से ज्यादा उद्योग प्रतिनिधि यूपी के दौरे पर हैं। एमओयू और निवेश प्रस्तावों से करीब 10 हजार रोजगार पैदा होने की संभावना जताई गई है।

Also Read: ‘मुझे पूजा करने से किसी ने नहीं रोका’, शीतला माता मंदिर पहुंचकर बोले सूरज पासी 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.