Basti News: मोबाइल टावर पर चढ़कर प्रेमी से तुरंत निकाह की मांग पर अड़ी नाबालिग
Basti News: इन दिनों मांग मनवाने के लिए टावर या पानी की टंकी पर चढ़ना लगभग ट्रेंड बन गया है। उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से रोजाना ऐसी घटनाओं की खबरें सामने आती हैं। इसी कड़ी में रविवार को बस्ती जिले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया, जहां एक बुर्का पहने नाबालिग लड़की ने मोबाइल टावर पर चढ़कर अपने प्रेमी से तत्काल निकाह करने की मांग कर दी।
घटना रुधौली थानाक्षेत्र के हनुमानगंज बाजार की है। किशोरी ने वीडियो कॉल पर अपने प्रेमी को आवाज लगाई, जिसने ट्रेन की यात्रा करते हुए वीडियो में ट्रेन भी दिखाई, लेकिन लड़की एक नंबर पर अड़ी रही। वह बिना प्रेमी के मौके पर पहुंचे और फौरन निकाह कराए टावर से उतरने को तैयार नहीं है। गौरतलब है कि गांव में हुई पंचायत में पांच दिन के भीतर युवक को बुलाकर शादी कराने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन समय बीतने पर भी वह नहीं आया। नाराज होकर किशोरी टावर पर चढ़ गई।
सूचना पर CO कुलदीप यादव, तहसीलदार रवि यादव, नायब तहसीलदार नीरज सिंह, प्रभारी निरीक्षक संजय दुबे समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारी किशोरी को समझाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन वह अपनी मांग पर डटी है। इधर, लड़की की इस हरकत से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई है और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई है। प्रशासन किशोरी को सुरक्षित नीचे उतारने के हर संभव प्रयास में जुटा है।

