मिशन रोजगार: लखनऊ में 300 युवाओं को मिले नियुक्ति पत्र, PM मोदी बोले- देश का हर युवा हमारी ताकत
Lucknow News: देशभर में रोजगार सृजन को बढ़ावा देने के लिए चलाए जा रहे मिशन रोजगार के तहत शुक्रवार को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में 300 युवाओं को विभिन्न सरकारी विभागों में नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।
इस राष्ट्रीय रोजगार मेले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़े और उन्होंने वर्चुअल तरीके से 51,000 से अधिक नवचयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे, जिसमें लखनऊ के 300 युवा भी शामिल रहे। प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि देश का हर युवा हमारी ताकत है।
अनुप्रिया पटेल ने किया लक्ष्य पूरा होने का दावा
लखनऊ में आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ केंद्रीय स्वास्थ्य, परिवार कल्याण, रसायन और उर्वरक मंत्रालय की राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने दीप प्रज्वलन करके किया। उन्होंने नवचयनित युवाओं को शुभकामनाएँ दीं और कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश में रोजगार सृजन की दिशा में ऐतिहासिक कार्य हुआ है।
अनुप्रिया पटेल ने कहा, जब केंद्र सरकार ने वर्ष 2022 में मिशन रोजगार की शुरुआत की थी, तब 10 लाख युवाओं को नौकरी देने का लक्ष्य रखा गया था। आज हम न केवल उस लक्ष्य को प्राप्त कर चुके हैं, बल्कि उससे आगे बढ़ चुके हैं।

आत्मनिर्भर भारत में योगदान का अवसर
इस मौके पर मलिहाबाद की विधायक जय देवी, मोहनलालगंज के विधायक अमरेश कुमार, और भारतीय डाक विभाग के पोस्ट मास्टर जनरल सुनील कुमार राव सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। उन्होंने नवचयनित अभ्यर्थियों को बधाई दी और कहा कि यह अवसर युवाओं को आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का मौका देता है। कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि ये युवा अपनी नई जिम्मेदारियों को पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाएंगे।
Also Read: लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर बेकाबू बस 15 फीट नीचे गिरी, 13 यात्री घायल, ड्राइवर-कंडक्टर फरार

