मुंबई एयरपोर्ट पर ड्रग्स के साथ मॉडल हर्षा गिरफ्तार, बैंकॉक से लाई थी हाई-क्वालिटी गांजा
Sandesh Wahak Digital Desk: मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कस्टम विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई में ग्लैमर की चमक-दमक के पीछे छिपे ड्रग्स तस्करी के नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। बैंकॉक से आई एक फ्लाइट से उतरी 28 वर्षीय मॉडल की संदिग्ध गतिविधियों पर शक होने पर जब उसके ट्रॉली बैग की तलाशी ली गई, तो उसमें वैक्यूम-सील किए गए 12 प्लास्टिक पैकेट मिले। जाँच में ये पैकेट हाई क्वालिटी के ड्रग्स हाइड्रोपोनिक गांजा निकले।

NDPS एक्ट में कोर्ट ने न्यायिक हिरासत में भेजा
मॉडल का नाम हर्षा सनी है, जो 2025 में हुए ‘मिसेस केरल’ ब्यूटी पेजेंट की कंटेस्टेंट रह चुकी है और एक प्राइवेट कंपनी में रिलेशनशिप मैनेजर के पद पर कार्यरत थी। एयर इंटेलिजेंस यूनिट (AIU) और कस्टम विभाग की संयुक्त टीम ने 10-11 जून की मध्यरात्रि एयर इंडिया की फ्लाइट TG-351 से उतरते ही उसे हिरासत में ले लिया।
तलाशी के दौरान उसके ट्रॉली बैग में 11.824 किलो हाइड्रोपोनिक गांजा मिला, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 11 करोड़ 82 लाख रुपये आंकी गई है। एनडीपीएस (NDPS) टेस्ट किट से जाँच में नशीले पदार्थ होने की पुष्टि हुई। इसके बाद मॉडल को NDPS एक्ट के तहत गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। फिलहाल पूरे मामले में आगे की जाँच जारी है।
Also Read: सीएम योगी ने दिखाई देश की पहली सीवर के पानी से चलने वाली हाइड्रोजन बसों को हरी झंडी

