यूपी में प्री मानसून की दस्तक: कई जिलों में झमाझम बारिश, गर्मी से मिली राहत

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश में मानसून की आहट सुनाई देने लगी है। सोमवार को प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में बारिश हुई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। पश्चिमी और पूर्वी यूपी के अधिकांश जिलों में हल्की से लेकर भारी बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को भी ऐसा ही मौसम बना रहेगा, जबकि बुधवार से कई क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह के अनुसार, सोमवार शाम पांच बजे तक प्रदेश में सबसे अधिक 149.4 मिमी बारिश बरेली में रिकॉर्ड की गई। सहारनपुर में 120 मिमी, गोंडा में 83 मिमी, बस्ती में 56 मिमी और लखीमपुर खीरी में 66.4 मिमी बारिश दर्ज की गई।

तापमान में गिरावट, लोगों को मिली राहत

बारिश के कारण प्रदेशभर में तापमान सामान्य से नीचे चला गया। मौसम विभाग ने बताया कि तापमान में औसतन 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, जो अगले तीन से चार दिनों में 3 से 7 डिग्री तक पहुंच सकती है।

मंगलवार को भी पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। इस दौरान गरज-चमक के साथ वज्रपात की भी आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने 18 और 19 जून के लिए भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।

इन जिलों में रहे सतर्क

मौसम विभाग ने सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती और बहराइच जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

बारिश ने उन किसानों के चेहरों पर मुस्कान ला दी है जो धान और गन्ने की बोआई का इंतजार कर रहे थे। प्रगतिशील किसान सर्वेश यादव ने बताया कि अच्छी बारिश से खेतों में जलभराव हो गया है, जिससे सिंचाई की जरूरत नहीं पड़ेगी। इससे धान और गन्ने की रोपाई शुरू की जा सकेगी। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि अधिक बारिश से आम, जामुन और सब्जियों की फसलों को नुकसान हो सकता है।

Also Read: चौराहों और बाजारों में बेवजह घूमने वालों पर एंटी रोमियो टीम की सख्त नजर: एसपी…

Get real time updates directly on you device, subscribe now.