Siddharthnagar News: बर्डपुर के एक मकान से निकले 30 से ज्यादा सांप के बच्चे, इलाके में हड़कंप
Siddharthnagar News: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिला अंतर्गत बर्डपुर 11 क्षेत्र के करीमपुर महापाली चौराहा स्थित गुप्ता परिवार के निवास पर मंगलवार की रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। मकान के कमरों व कोनों से रहस्यमयी तरीके से एक-एक कर जहरीले सांपों के बच्चे निकलने शुरू हो गए। गृहस्वामियों के अनुसार, देखते ही देखते 30 से अधिक सपोले बाहर निकल आए, जिससे पूरे परिवार में दहशत व्याप्त है।
सांपों के निकलने का सिलसिला जारी
घर के भीतर से लगातार सांपों के बच्चे बाहर आने का क्रम रुकने का नाम नहीं ले रहा है। खबर आग की तरह फैलते ही पास-पड़ोस और दूर-दराज़ के ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। खौफ के साए में जी रहे परिजनों ने तुरंत इसकी सूचना दी, जिसके बाद एक अनुभवी ‘स्नेक कैचर’ (रेस्क्यू विशेषज्ञ) को मौके पर बुलाया गया। स्नेक कैचर एक-एक कर इन सपोलों को सावधानीपूर्वक पकड़कर सुरक्षित जंगल में छोड़ने के प्रयास में जुटा हुआ है।

ग्रामीणों ने की प्रशासनिक जांच की मांग
अचानक एक ही मकान से इतने बड़े पैमाने पर सांपों के बच्चे निकलने की वजह अभी तक पहेली बनी हुई है। अनुमान लगाया जा रहा है कि घर की नींव या किसी पुरानी दरार में मादा सांप ने भारी मात्रा में अंडे दिए होंगे, जहां से अब बच्चे बाहर आ रहे हैं। इस घटना से पूरे गांव में खौफ का माहौल है। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन और वन विभाग की टीम से घर का निरीक्षण कर परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है।
रिपोर्ट- जाकिर खान
Also Read: लखनऊ में देश का पहला मिलिट्री मेडिसिन विभाग शुरू, राजनाथ सिंह ने किया उद्घाटन

