RJD में बड़ी टूट! मृत्युंजय तिवारी ने छोड़ी पार्टी, बोले- ‘तेजस्वी दीमकों से घिरे, संगठन अंदर से हो रहा खोखला’

Bihar News: राष्ट्रीय जनता दल (RJD) को उस समय बड़ा झटका लगा, जब पार्टी के वरिष्ठ प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने सभी पदों से इस्तीफा देने का ऐलान कर दिया। उन्होंने गुरुवार को प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल और अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में अपना इस्तीफा सौंपते हुए कहा कि पार्टी में अब सम्मान के साथ काम करना संभव नहीं रह गया है।

इस्तीफे के बाद मृत्युंजय तिवारी ने पार्टी नेतृत्व पर खुलकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी शिकायतों को लगातार नजरअंदाज किया गया और संगठन ऐसे लोगों के प्रभाव में आ गया है, जो पार्टी को भीतर से कमजोर कर रहे हैं।

‘तेजस्वी यादव दीमकों से घिरे, पार्टी को चाटकर बर्बाद किया’

मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि उन्होंने लंबे समय तक संगठन के हित में अपनी बात पार्टी नेतृत्व तक पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन किसी ने उनकी बात को गंभीरता से नहीं लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि “तेजस्वी यादव दीमकों से घिरे हुए हैं। ऐसे लोगों ने पार्टी को अंदर ही अंदर चाटकर बर्बाद कर दिया है।”

उन्होंने कहा कि जब समर्पित और निष्ठावान कार्यकर्ताओं की बात नहीं सुनी जाती, तो सम्मान के साथ काम करना मुश्किल हो जाता है।

‘तेजस्वी यादव तक पहुंचाई शिकायत, लेकिन नहीं मिला जवाब’

पूर्व प्रवक्ता ने दावा किया कि उन्होंने अपनी शिकायतें कई वरिष्ठ नेताओं के साथ-साथ नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव तक भी पहुंचाईं, लेकिन कहीं से भी कोई सकारात्मक पहल नहीं हुई। उनका कहना था कि लगातार अपमानित होकर कोई भी व्यक्ति राजनीति नहीं कर सकता।

उन्होंने कहा कि पार्टी के कठिन दौर में भी उन्होंने पूरी निष्ठा और ईमानदारी से संगठन का साथ दिया, लेकिन बदले में उन्हें अपेक्षित सम्मान नहीं मिला।

मृत्युंजय तिवारी के इस्तीफे को बिहार की राजनीति में RJD के लिए एक बड़े राजनीतिक झटके के तौर पर देखा जा रहा है। उनके आरोपों के बाद पार्टी के भीतर की स्थिति को लेकर भी नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

Also Read: जौहर यूनिवर्सिटी पर कार्रवाई से भड़के अखिलेश, बोले- शिक्षा में भी सांप्रदायिकता देखती है भाजपा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.