15 अगस्त से पहले मुंबई में हमले की धमकी, मेयर को मिला ई-मेल, जांच शुरू
Mumbai News: मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े को कथित तौर पर एक धमकी भरा ईमेल मिला है। इसमें मुंबई में 15 अगस्त से पहले हमले की चेतावनी दी गई है। ईमेल में मेयर कार्यालय, मुंबई मेट्रो, स्कूलों और स्टॉक मार्केट को धमाके से निशाना बनाने की बात कही गई है। संदेश में खालिस्तान समर्थक नारे और कुछ समर्थकों के नाम भी लिखे होने की जानकारी सामने आई है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि ईमेल किसने भेजा।
पुलिस कर रही मामले की जांच
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, धमकी मेयर के आधिकारिक ईमेल पर भेजी गई। संदेश में खासतौर पर स्कूल जाने वाले बच्चों के अभिभावकों और मेट्रो से सफर करने वाले लोगों को सतर्क रहने की बात कही गई है। मुंबई पुलिस की ओर से अभी इस मामले में आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। पुलिस ईमेल के स्रोत और धमकी की गंभीरता की जांच कर रही है।
यह मामला ऐसे समय सामने आया है, जब देश 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस मनाने वाला है। इससे पहले भी मुंबई मेयर को इस तरह की धमकी मिल चुकी है।
10 जून को भी मिली थी बम धमकी
इससे पहले 10 जून को भेजे गए एक ईमेल में बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE), मुख्यमंत्री कार्यालय, बीएमसी भवन और मेयर ऋतु तावड़े के कार्यालय समेत कई जगहों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। इसके बाद सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। बम निरोधक दस्ते और खोजी कुत्तों ने कई स्थानों की तलाशी ली, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। बाद में धमकी को फर्जी पाया गया था। साइबर सेल ने उस समय भी ईमेल भेजने वाले का पता लगाने की जांच शुरू की थी।

