‘बारी-बारी से सबको ठोका जा रहा है…’, बागपत में नसीमुद्दीन सिद्दीकी का बड़ा बयान

Sandesh Wahak Digital Desk: पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बागपत में आयोजित ‘पीडीए (PDA) संवाद’ कार्यक्रम के दौरान समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने एक अत्यंत तीखा और विवादित बयान दिया है। सिद्दीकी ने मंच से भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए ‘ठोकने’ वाली राजनीति का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार समाज के विभिन्न वर्गों को बारी-बारी से निशाना बना रही है।

‘अगला नंबर आपका है…’

नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने अपने संबोधन में जातिगत और धार्मिक ध्रुवीकरण पर हमला बोलते हुए कहा “आज बारी-बारी से सबको ठोका जा रहा है। कभी मुसलमान, कभी शेड्यूल कास्ट (SC), तो कभी पिछड़े। जब मुसलमान को ठोका जाता है, तो दलित खुश होता है कि मुल्ला जी ठोक दिए गए, और जब दलित की बारी आती है, तो पिछड़ा वर्ग तमाशा देखता है।” उन्होंने जनता को आगाह करते हुए कहा कि आज जो दूसरों के साथ हो रहा है, कल वही सबके साथ होगा। किसी को बख्शा नहीं जाएगा।

ब्राह्मण कार्ड और विकास दुबे का जिक्र

सपा नेता ने सवर्ण वोट बैंक, विशेषकर ब्राह्मणों को साधने के लिए सरकार पर उपेक्षा का आरोप लगाया। सिद्दीकी ने कहा कि भाजपा में ब्राह्मणों को पहली नागरिकता नहीं मिल रही, उन्हें ‘द्वितीय दर्जे का नागरिक’ बना दिया गया है। उन्होंने चर्चित विकास दुबे एनकाउंटर का जिक्र करते हुए मानवीय संवेदनाओं का मुद्दा उठाया। उन्होंने सवाल किया, “अगर विकास दुबे अपराधी था तो उसे सजा मिली, लेकिन उसकी निर्दोष पत्नी और बेटी का क्या कसूर था?”

मुद्दों से ध्यान भटकाने का आरोप

सिद्दीकी ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार मंदिर-मस्जिद और हिंदू-मुस्लिम के मुद्दे खड़े कर असली मुद्दों (महंगाई, बेरोजगारी) से जनता का ध्यान भटका रही है। उन्होंने पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) को एकजुट होकर 2027 में बदलाव लाने का आह्वान किया।

Also Read: यूपी की आंगनबाड़ी बहनों को CM योगी देंगे सौगात, कल बटेंगे स्मार्टफोन और नियुक्ति पत्र

Get real time updates directly on you device, subscribe now.