बरेली में अफीम तस्करी का भंडाफोड़, तस्कर गिरफ्तार, बाइक और मोबाइल जब्त
Bareilly News: बरेली जनपद में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना सुभाषनगर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर घेराबंदी करते हुए भारी मात्रा में नशीले पदार्थ (अफीम) के साथ एक अंतर्राज्यीय ड्रग तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से पुलिस ने 370 ग्राम अवैध अफीम, एक वीवो मोबाइल फोन, 500 रुपये नकद और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
सुभाषनगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 366/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18 के अंतर्गत केस दर्ज कर लिया है। पकड़े गए अभियुक्त की पहचान अर्जुन सिंह (उम्र 22 वर्ष, पुत्र रामचंद्र) के रूप में हुई है, जो बरेली के ही कैंट थाना क्षेत्र के गुलाबनगर झिंगरी का रहने वाला है।
थाना प्रभारी सुभाषनगर के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम कल (1 जून 2026) गश्त पर थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि एक तस्कर नशीले पदार्थ की बड़ी खेप लेकर निकलने वाला है। पुलिस टीम ने तत्काल मुस्तैदी दिखाते हुए करेली अंडरपास को पार कर बुखारा की तरफ जाने वाले रास्ते पर चेकिंग शुरू की। इसी दौरान बाइक से आ रहे संदिग्ध अर्जुन सिंह को रोककर जब उसकी तलाशी ली गई, तो उसके पास से 370 ग्राम अफीम बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर ही उसकी बाइक को सीज कर दिया।
पूछताछ में कुबूल किया जुर्म: पुलिस की कड़ी पूछताछ में आरोपी अर्जुन सिंह ने अपना गुनाह स्वीकार कर लिया। उसने बताया, साहब, मुझसे बहुत बड़ी गलती हो गई। मैं यह अफीम बरेली और आसपास के इलाकों से लेकर उत्तराखंड में ऊंचे दामों पर सप्लाई करता हूँ। आज भी मैं इस माल को बेचने के लिए उत्तराखंड ही जा रहा था, लेकिन बॉर्डर पार करने से पहले ही पुलिस ने मुझे दबोच लिया।
रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया
Also Read: करोड़ों की जीएसटी चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, दो इनामी जालसाज गिरफ्तार

