मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने के लिए महाभियोग लाएगा विपक्षी गठबंधन
Sandesh Wahak Digital Desk: मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्षी गठबंधन ने अपनी मुहिम तेज कर दी है। खबर है कि कांग्रेस की अगुवाई में विपक्षी दल CEC को पद से हटाने के लिए एक नया और संशोधित प्रस्ताव लाने की रणनीति बना रहे हैं। सूत्रों की मानें तो आगामी दो हफ्तों के भीतर इस सिलसिले में राज्यसभा में एक नया नोटिस पेश कर दिया जाएगा, जिसमें चुनाव आयोग के हालिया विवादों और नए साक्ष्यों को जोड़ा जाएगा।
हाल ही में आयोजित कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) की बैठक में इस विषय पर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ। सहमति बनने के बाद अब गठबंधन के घटक दलों के सांसदों के दस्तखत जुटाने का काम शुरू कर दिया गया है। गौरतलब है कि संसद सत्र चालू न होने की स्थिति में भी ऐसा नोटिस सौंपा जा सकता है।
इससे पहले विपक्ष ने इसी साल 24 अप्रैल को 73 राज्यसभा सांसदों के दस्तखत के साथ हटाने का प्रस्ताव दिया था, जो अभी भी विचाराधीन है। हालांकि, उन 73 में से 7 सांसद अब पाला बदल चुके हैं। इसी तकनीकी पेंच से बचने और कानूनी रूप से मजबूत पक्ष रखने के लिए विपक्ष नए सिरे से पूरी तैयारी कर रहा है। नियममुताबिक, राज्यसभा में इस तरह के प्रस्ताव को पेश करने के लिए न्यूनतम 50 सांसदों के समर्थन की आवश्यकता होती है।
सहयोगी चुनाव आयुक्तों के आरोपों से गहराया विवाद
विपक्ष का कहना है कि चुनाव आयोग की मौजूदा निष्पक्षता और कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। विवाद तब और गहरा गया जब ज्ञानेश कुमार के सहयोगी दोनों चुनाव आयुक्तों ने उन पर एकतरफा फैसले लेने के आरोप लगाए। उनके अनुसार, कई महत्वपूर्ण निर्णय लेते समय न तो उनसे सलाह ली गई और न ही उनकी सहमति ली गई। इन आंतरिक मतभेदों को आधार बनाकर विपक्षी दल अब और अधिक आक्रामक रुख अपना रहे हैं।
Also Read: CEC ज्ञानेश कुमार को CJP का 48 घंटे का अल्टीमेटम, इस्तीफा नहीं तो देशव्यापी आंदोलन की चेतावनी

