वाराणसी एयरपोर्ट पर चेकिंग के दौरान यात्री की पिस्टल से चली गोली, महिला सुरक्षाकर्मी समेत दो घायल

Varanasi News: उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (बाबतपुर) पर एक बड़ा हादसा सामने आया है। टर्मिनल भवन में लाइसेंसी असलहे की जांच के दौरान अचानक एक यात्री की पिस्टल से फायर हो गया। गोली फर्श से टकराकर वहां मौजूद सुरक्षा एजेंसी की एक महिला कर्मी और पास खड़े एक अन्य कर्मचारी को लग गई। अचानक हुई इस फायरिंग से हवाई अड्डे पर हड़कंप मच गया। सुरक्षा बलों ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए संबंधित यात्री को हिरासत में ले लिया है और पूछताछ शुरू कर दी है।

एयरपोर्ट पर चल रही थी असलहे की गिनती और जांच

जानकारी के मुताबिक, आजमगढ़ निवासी पूर्व सैनिक कमलेश राय अपनी पत्नी के साथ एयर इंडिया की उड़ान से मुंबई जाने के लिए बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचे थे। उन्होंने नियमों का पालन करते हुए अपनी लाइसेंसी पिस्टल को फ्लाइट से ले जाने के लिए ऑनलाइन पंजीकरण कराया था। रविवार सुबह लगभग साढ़े नौ बजे जब टर्मिनल बिल्डिंग में सुरक्षाकर्मी उनकी पिस्टल और कारतूसों की जांच व गिनती कर रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।

लोडेड पिस्टल से अचानक हुआ फायर

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि पिस्टल लोडेड थी, जिससे अचानक गोली चल गई। फर्श से टकराने के बाद गोली के छर्रे बिहार के गया की रहने वाली 27 वर्षीय महिला स्क्रीनर सुमन की जांघ और कमर के निचले हिस्से में लगे, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ीं। वहीं पास में तैनात दूसरे कर्मचारी के हाथ में भी चोट आई। गोली की आवाज सुनते ही पूरे टर्मिनल परिसर में हड़कंप मच गया और यात्रियों के बीच अफरातफरी की स्थिति बन गई। सीआईएसएफ और स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची तथा दोनों घायलों को इलाज के लिए पास के निजी ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और सुरक्षा एजेंसियों ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग के उच्च अधिकारी और सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं। अधिकारियों ने घटनास्थल का मुआयना कर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है। हादसे के बाद एयरपोर्ट परिसर में कुछ समय के लिए तनाव और अनिश्चितता का माहौल रहा, वहीं घायल कर्मियों के सहकर्मी उनकी स्थिति जानने को लेकर चिंतित नजर आए। फिलहाल दोनों घायलों का डॉक्टरों की देखरेख में इलाज जारी है।

बाबतपुर एयरपोर्ट के निदेशक पुनीत गुप्ता के अनुसार, मुंबई जा रहे यात्री ने नियमानुसार हथियार ले जाने की घोषणा की थी। जांच के समय अचानक हुई एक राउंड फायरिंग में AAICLAS के दो स्क्रीनर्स घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए तत्काल सतोमहुआ न्यू लक्ष्मी ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है। वहीं डीसीपी गोमती जोन नीतू कादयान ने बताया कि असलहे और कारतूसों की गिनती के दौरान यह हादसा हुआ, जिसमें महिला कर्मचारी के पैर और दूसरे कर्मचारी के अंगूठे में गोली के अंश लगे हैं। पुलिस पूरे मामले की वैधानिक जांच कर रही है।

Also Read: Bangladesh Beat Australia: बांग्लादेश ने रचा इतिहास, ऑस्ट्रेलिया को उसके घर में 9 विकेट से हराया

Get real time updates directly on you device, subscribe now.