Lucknow News: शहजाद भट्टी नेटवर्क पर यूपी पुलिस का बड़ा प्रहार, 52 आरोपी गिरफ्तार
Lucknow News: देश की संप्रभुता, एकता और सुरक्षा को नुकसान पहुंचाने की नीयत से काम कर रहे पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई (ISI) और पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी नेटवर्क के खिलाफ उत्तर प्रदेश पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। सोशल मीडिया के जरिए भारतीय युवाओं को उकसाकर आतंकी गतिविधियों में शामिल करने वाले इस नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए यूपी पुलिस, एटीएस और एसटीएफ ने केंद्रीय जांच एजेंसियों के साथ मिलकर राज्यव्यापी अभियान चलाया है।
सोशल मीडिया से युवाओं को भड़काने का आरोप
जांच एजेंसियों के अनुसार, शहजाद भट्टी नेटवर्क में आबिद जट्ट, हम्माद मेमन, जावेद पाकिस्तानी, अजमल गुर्जर और मेजर रैंक के कई पाकिस्तानी हैंडलर सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। यह नेटवर्क भारतीय नवयुवकों को पैसे और काम का लालच देकर कट्टरपंथी बना रहा था। इस नेटवर्क का मकसद एक्स-मुस्लिमों, हिंदू धार्मिक नेताओं, राजनेताओं और पुलिसकर्मियों पर हमले कराना था। इसके अलावा बीजेपी/आरएसएस दफ्तरों, पुलिस स्टेशनों और संवेदनशील संस्थानों पर पेट्रोल बम और ग्रेनेड से हमला कराने की योजना भी तैयार की गई थी। नेटवर्क पहले युवाओं से रेकी, आगजनी और पोस्टर चिपकाने जैसे छोटे अपराध करवाता था और फिर उनसे बड़े आतंकी हमलों को अंजाम दिलाने की फिराक में था।
12 मामले दर्ज, 52 गिरफ्तार और 60 संदिग्धों पर निरोधात्मक कार्रवाई
उत्तर प्रदेश पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मई 2026 में 175 से अधिक संदिग्धों की जांच की। इस कार्रवाई के तहत एटीएस लखनऊ सहित हापुड़, गाजियाबाद और बिजनौर के विभिन्न थानों में कुल 12 एफआईआर (अभियोग) पंजीकृत किए गए हैं। पुलिस ने अब तक कुल 52 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से पिस्तौल, कारतूस, ज्वलनशील पदार्थ, चाकू और आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई है। इसके साथ ही लगभग 60 संदिग्धों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई (127 बीएनएसएस) की गई है। 12 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता दिवस की संवेदनशीलता के मद्देनजर चलाए गए विशेष अभियान के दौरान 62 अन्य संदिग्धों को चिह्नित कर पूछताछ की गई।
यूएपीए के तहत आतंकी संगठन घोषित करने के लिए गृह मंत्रालय को पत्र
इस राष्ट्रविरोधी नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस ने जुलाई 2026 में भारत सरकार के गृह मंत्रालय को एक औपचारिक पत्र प्रेषित किया है। इसमें विधि विरुद्ध क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम-1967 (UAPA) की धारा-35 का प्रयोग करते हुए ‘शहजाद भट्टी नेटवर्क’ और इसके सदस्यों को आधिकारिक तौर पर आतंकी घोषित करने और अधिनियम की चौथी अनुसूची में शामिल करने का आग्रह किया गया है। पुलिस का कहना है कि राज्य में शांति व्यवस्था बनाए रखने और नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए आगे भी प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।
Also Read: पाकिस्तान में भारतीय दूतावास के पास खंभे हटे, दिल्ली में पाक हाई कमीशन के बाहर चला बुलडोजर

