लखीमपुर खीरी में 1.25 करोड़ की स्मैक के साथ हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार, बाइक भी बरामद
Lakhimpur Kheri News: लखीमपुर खीरी जिले के पलिया में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस को बड़ी कार्रवाई मिली है। पलिया पुलिस ने मंगलवार सुबह एक हिस्ट्रीशीटर को 610 ग्राम ब्राउन शुगर यानी स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, बरामद नशीले पदार्थ की अंतर्राष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1.25 करोड़ रुपये है।
यह कार्रवाई एसपी पलिया के निर्देशन में, सीओ पलिया शिवम कुमार के मार्गदर्शन और प्रभारी निरीक्षक शिवाजी दुबे के नेतृत्व में की गई।
पुलिस के अनुसार, 29 सितंबर की सुबह करीब 6:05 बजे पलिया-दुधवा मार्ग पर पॉम रिजार्ट से आगे केले के खेत के पास खड़ंजा रोड पर आरोपी को पकड़ा गया।
बाइक से तस्करी का आरोप
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनमोल गुप्ता (27) पुत्र शिव कुमार उर्फ लाला, निवासी मोहल्ला बाजार प्रथम, पलिया के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से 610 ग्राम ब्राउन शुगर के अलावा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही यामाहा R15 बाइक भी बरामद की है। बाइक का नंबर UP-31-AV-4621 है।
NDPS एक्ट में मुकदमा दर्ज
पलिया कोतवाली में मामले को लेकर मुकदमा संख्या 292/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है। बरामद बाइक को धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि अभियान के तहत नशे की तस्करी, बिक्री और परिवहन के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
रिपोर्ट: कौशलेंद्र शुक्ला
Also Read: देवरिया में ATM से लोहे की पट्टी लगाकर रुपये निकालने वाले 2 गिरफ्तार

