गांवों के पंचायत सचिवालय होंगे हाईटेक, सभी कार्मिकों को मिलेगा स्मार्ट पहचान पत्र: डीएम महेंद्र सिंह तंवर
Sandesh Wahak Digital Desk: कुशीनगर जिले के पडरौना में जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने कहा है कि अब गांवों के पंचायत सचिवालय आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किए जाएंगे, जहां ग्रामीणों को आवश्यक दस्तावेज आसानी से उपलब्ध होंगे। उन्होंने बताया कि पंचायत सहायक, ग्रामीण सफाईकर्मी और आशा कार्यकर्ताओं को जल्द ही स्मार्ट चिप और QR कोड आधारित पहचान पत्र जारी किए जाएंगे।
जिलाधिकारी ने कलेक्टेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान विभिन्न विभागीय कार्मिक संगठनों के पदाधिकारियों से संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। इस अवसर पर उन्होंने कई महत्त्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं।
सभी पंचायत सचिवालयों में मिलेंगे जरूरी अभिलेख
डीएम ने कहा कि हर ग्राम पंचायत में स्थित सचिवालय को इस तरह विकसित किया जाएगा कि ग्रामीणों को आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र जैसे जरूरी दस्तावेज वहीं पर मिल सकें। इसके लिए पंचायत सहायकों की कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी और उनका मानदेय समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा।
आशाओं के लिए बनेगा रात्रि विश्राम कक्ष
बैठक में आशा कार्यकर्ताओं ने शिकायत की कि डिलीवरी प्वाइंट्स या प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (PHC/CHC) पर रात्रि विश्राम के लिए कोई व्यवस्था नहीं है। इस पर जिलाधिकारी ने सीएमओ को निर्देशित किया कि सभी डिलीवरी प्वाइंट्स पर आशा बहनों के लिए विश्राम कक्ष या डोरमेट्री की व्यवस्था की जाए ताकि आकस्मिक स्थितियों में उन्हें ठहरने में असुविधा न हो।
सफाईकर्मियों को मिलेगा समय पर वेतन व किट
ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ ने वेतन में देरी, सफाई किट के असमान वितरण, कार्यस्थल पर पोस्टिंग में अनियमितता और ई-कार्ट संचालन हेतु ड्राइवरों की कमी की शिकायत की। डीएम ने आश्वासन दिया कि सभी सफाईकर्मियों की पोस्टिंग उनके निवास स्थान के निकट की जाएगी, और उन्हें समय-समय पर सफाई किट भी समान रूप से वितरित की जाएगी।
पंचायत सहायकों को मिलेगा प्रोत्साहन
पंचायत सहायक संघ के पदाधिकारियों ने वेतन भुगतान में देरी, मोबाइल रिचार्ज सुविधा न मिलने और पहचान पत्र जारी न किए जाने की शिकायतें कीं। जिलाधिकारी ने इस पर संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी सहायकों को पहचान पत्र जल्द से जल्द उपलब्ध कराए जाएं।
जननी सुरक्षा योजना के तहत प्रोत्साहन राशि देने के निर्देश
डीएम तंवर ने यह भी निर्देश दिया कि जननी सुरक्षा योजना के तहत योग्य लाभार्थियों को प्रोत्साहन धनराशि प्रदान की जाए। उन्होंने सभी प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में पंचायत सहायक संघ, ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ और आशा संघ के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट :- राघवेंद्र मल्ल।
Also Read: Bareilly News: अग्निकांड पीड़ित किसानों को मिली राहत, जिलाधिकारी ने वितरित किए मुआवजे के चेक

