पीलीभीत में जुए के लिए मां से मांगे पैसे, इनकार पर बेटे ने छत से दे दिया धक्का

Pilibhit News: पीलीभीत के बीसलपुर क्षेत्र के नसरुल्लापुर गांव में रक्षाबंधन से एक दिन पहले मां की हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि 18 वर्षीय विकास ने जुए के लिए पैसे नहीं देने पर अपनी मां सुनीता देवी को छत से धक्का दे दिया। नीचे गिरने से उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

बताया गया कि विकास नशे का भी आदी है और जुआ खेलता था। कुछ समय पहले उसने करीब छह लाख रुपये जुए में लगाए थे, जिसमें करीब पांच लाख रुपये हार गया। जानकारी मिलने पर माता-पिता ने उसका बैंक खाता बंद कराकर उसमें मौजूद रकम अपने खाते में ट्रांसफर करा ली थी। इसके बाद से वह मां से लगातार पैसे मांग रहा था।

जमीन बेचकर मिले थे रुपये

परिवार के मुताबिक, विकास के नाम उसकी दादी ने आठ बीघा जमीन की थी, जबकि पिता राम प्रताप के नाम दस बीघा जमीन थी। विकास अपनी आठ बीघा जमीन में से पांच बीघा बेच चुका था। जमीन बेचने के बाद मिली रकम उसके खाते में आई थी। इसके बाद उसके खर्च और जुआ खेलने की आदत बढ़ती गई।

कहासुनी के बाद छत से धक्का देने का आरोप

आरोप है कि रात करीब 10 बजे विकास मां को छत पर ले गया। वहां पैसों को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। इसी दौरान उसने सुनीता को धक्का दे दिया। हादसे में उनकी मौत हो गई।

सूचना पर बीसलपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाल संजीव शुक्ला ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.