पीलीभीत वोटर लिस्ट गड़बड़ी में दो SDM सस्पेंड, ERO और कंप्यूटर ऑपरेटर पर FIR में नई धारा जुड़ी

Pilibhit Voter List Irregularities: उत्तर प्रदेश के पीलीभीत विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में गड़बड़ी के मामले में चुनाव आयोग (Election Commission) ने सख्त कार्रवाई की है। आयोग ने तत्कालीन एसडीएम और मतदाता पंजीकरण अधिकारी (ERO) मयंक गोस्वामी और हेमंत चौधरी को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का निर्देश दिया है। दोनों के खिलाफ आरोप पत्र भी आयोग को जांच के लिए भेजे जाएंगे। आयोग की पूर्व अनुमति के बिना उन्हें बहाल नहीं किया जा सकेगा।

यह कार्रवाई विधानसभा क्षेत्र 127-पीलीभीत में 10,470 मतदाता प्रविष्टियों में कथित अनियमितताओं की जांच के बाद हुई है। आयोग ने दोनों ERO और कंप्यूटर ऑपरेटर अनिल कुमार के खिलाफ दर्ज FIR में नई धारा 198 जोड़ने का भी निर्देश दिया है। मतदाता सूची तैयार करने से जुड़े पांच सहायक मतदाता पंजीकरण अधिकारियों (AERO) की रिपोर्ट भी जिला निर्वाचन अधिकारी ने भेजी है।

कांग्रेस के आरोपों के बाद सामने आया मामला

मतदाता सूची में गड़बड़ी (Pilibhit Voter List Irregularities) का मामला कांग्रेस ने लखनऊ में उठाया था। पार्टी का आरोप था कि 13 हजार से अधिक मतदाताओं के EPIC नंबर पुराने थे, लेकिन उनके नाम बदल दिए गए। कांग्रेस ने दावा किया था कि यह बदलाव SIR की अंतिम सूची जारी होने के बाद हुआ और मुस्लिम समुदाय के मतदाता इससे प्रभावित हुए। पार्टी के मुताबिक, ऐसे मतदाताओं को EPIC नंबर के आधार पर मतदान करने पहुंचने पर सूची में अपना नाम नहीं मिलता।

मामले के सामने आने के बाद तत्कालीन एसडीएम को हटाकर तहसीलों में नई तैनाती की गई थी। अब दोनों अधिकारियों के निलंबन के निर्देश के बाद प्रशासनिक स्तर पर हलचल है।

पांच AERO की रिपोर्ट भी भेजी गई

जिला निर्वाचन अधिकारी आलोक कुमार के मुताबिक, मतदाता सूची की शुद्धता के लिए लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) के तहत अशुद्धियों को ठीक करने का काम तेज किया जाएगा। सभी ERO और AERO को मतदाता सूची की शुद्धता से जुड़े मानक स्पष्ट कर दिए गए हैं।

Also Read: PMLA कोर्ट ने आजम खान को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.