पायलट स्मित ने बचाई 174 लोगों की जान, PM मोदी बोले- ‘हीरो हैं आप’, नेतन्याहू ने भी किया सलाम
Smit Machchhar Flydubai Hero: दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में बुधवार को हवा में बड़ा संकट पैदा हो गया। कॉकपिट में हुई झड़प के दौरान भारतीय कैप्टन स्मित मछार घायल हो गए, लेकिन इसके बावजूद उनकी सूझबूझ से बड़ी त्रासदी टल गई। फ्लाइट में 174 लोग सवार थे और सभी सुरक्षित हैं।
घटना के दौरान स्मित मछार ने कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया। इसके बाद कुछ यात्री अंदर पहुंचे और हमलावर को-पायलट को काबू में किया। विमान में मौजूद दो ऑफ-ड्यूटी पायलटों ने फिर कंट्रोल संभाला और फ्लाइट की सऊदी अरब के तबुक (Tabuk) में इमरजेंसी लैंडिंग कराई।
PM मोदी ने कहा- ‘कैप्टन स्मित मछार हीरो हैं’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने स्मित मछार (Smit Machchhar) की बहादुरी की तारीफ करते हुए उन्हें हीरो बताया। उन्होंने कहा कि बेहद खतरनाक हालात में गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद मछार ने दूसरों की जान बचाने के लिए असाधारण साहस और दृढ़ संकल्प दिखाया। PM मोदी ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू (Benjamin Netanyahu) ने भी भारतीय पायलट को सलाम किया। उन्होंने कहा कि घायल होने के बावजूद Smit Machchhar ने हमलावर का विरोध किया और कॉकपिट का दरवाजा खोलकर यात्रियों व क्रू को उसे काबू करने में मदद की। नेतन्याहू ने उन्हें “सच्चा हीरो” बताया।
कैसे टली बड़ी विमान दुर्घटना?
घटना के दौरान विमान तेजी से नीचे आया और इमरजेंसी घोषित करनी पड़ी। यात्रियों और क्रू ने स्थिति संभालने में मदद की, जबकि विमान में मौजूद अतिरिक्त पायलटों ने नियंत्रण लेकर सुरक्षित लैंडिंग कराई। फ्लाईदुबई ने कॉकपिट में झड़प की पुष्टि की है और घटना की जांच जारी है। हमले के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं है।
Also Read: ट्रंप से PM मोदी की अहम बातचीत, व्यापार-रक्षा और ऊर्जा समेत इन मुद्दों पर हुई चर्चा

