Team India में चयन पर प्रभसिमरन सिंह बोले- युवराज और पोंटिंग ने बदली मेरी राह
Prabhsimran Singh: भारत की टी20 टीम में दूसरी बार जगह बनाने वाले प्रभसिमरन सिंह इस बार जिम्बाब्वे दौरे पर टीम का हिस्सा होंगे। 25 वर्षीय पंजाब के विकेटकीपर-बल्लेबाज को संजू सैमसन की जगह बैकअप विकेटकीपर के रूप में चुना गया है। प्रभसिमरन ने बताया कि जब उन्हें चयन की जानकारी मिली, तब वह जिम में वर्कआउट कर रहे थे। खबर मिलते ही उन्होंने अपना जिम सेशन बीच में छोड़ा और परिवार के साथ खुशी मनाने के लिए घर पहुंच गए।
अब डेब्यू किए बिना नहीं लौटना चाहता
पीटीआई से बातचीत में प्रभसिमरन ने कहा कि एशियन गेम्स 2023 में भी वह भारतीय टीम का हिस्सा थे, लेकिन उन्हें खेलने का मौका नहीं मिला। उन्होंने कहा, “अब मैं जिम्बाब्वे दौरे से बिना मैच खेले वापस नहीं आना चाहता।
हमेशा देश के लिए खेलने का सपना देखा है। अगर मौका मिला तो अपना सर्वश्रेष्ठ दूंगा, ताकि टीम में अपनी जगह बनाए रख सकूं।” आईपीएल के पिछले दो सीजन में पंजाब किंग्स के लिए उन्होंने 500 से अधिक रन बनाए हैं।
युवराज और पोंटिंग को दिया सफलता का श्रेय
प्रभसिमरन ने बताया कि भारतीय टीम में चयन के बाद उन्होंने अपने मार्गदर्शक युवराज सिंह को फोन किया। युवराज ने उन्हें अपने अनुभव साझा करते हुए हमेशा गेंदबाज से एक कदम आगे रहने की सलाह दी।
उन्होंने रिकी पोंटिंग की भी जमकर तारीफ की। प्रभसिमरन ने कहा कि पोंटिंग ने 2024 में उन पर भरोसा जताया था और उन्हें बेहतर खिलाड़ी बनाने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि युवराज सिंह और रिकी पोंटिंग दोनों का उनकी सफलता में बड़ा योगदान है।

