प्रतापगढ़ में भागवत कथा के दौरान गैस सिलेंडर में धमाका, प्रधान की जेठानी की मौत
Pratapgarh News: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में सोमवार शाम एक दर्दनाक हादसे से खुशियों का माहौल मातम में बदल गया। बाघराय थाना क्षेत्र के रोर गांव में ग्राम प्रधान शीला शशि पांडेय के घर चल रही नौ दिवसीय भागवत कथा के दौरान गैस रिसाव से विस्फोट हो गया।

हादसे में ग्राम प्रधान की जेठानी गिरिजा देवी (52) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परिवार के तीन अन्य सदस्य गंभीर रूप से झुलस गए। गिरिजा देवी क्षेत्र के चर्चित ब्राह्मण नेता संतोष पांडेय की पत्नी थीं। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
आरती से पहले कमरे में भर गई गैस, फिर हुआ धमाका
जानकारी के मुताबिक, रोर गांव में प्रधान परिवार की ओर से भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा था। सोमवार शाम करीब सात बजे आरती और प्रसाद बनाने की तैयारी चल रही थी। इसके लिए दो मंजिला मकान के निचले तल पर कमर्शियल गैस सिलेंडर से चूल्हा जोड़ा गया था।
इसी दौरान चूल्हे की पाइप से गैस का रिसाव होने लगा। देखते ही देखते कमरे में गैस भर गई और आरती से ठीक पहले जोरदार विस्फोट हो गया। धमाके के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार सुनाई देने लगी।
पुलिस पहुंची, घायलों को अस्पताल भेजा गया
हादसे की सूचना मिलने पर बाघराय थाना प्रभारी श्रवण कुमार, सीओ सदर अशोक रघुवंशी और भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। घायलों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जबकि गिरिजा देवी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। देर रात सीओ सदर अशोक रघुवंशी ने बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार, हादसा गैस रिसाव के चलते हुआ। घटना के बाद संतोष पांडेय के घर और पूरे गांव में मातम पसरा है।
Also Read: किरण बेदी ने जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थल बनाने को बताया बड़ी गलती, फैसले का किया समर्थन

