Bareilly News: डोडा छिलका और दिल्ली से चोरी अपाचे बाइक संग 2 तस्कर गिरफ्तार
Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली जनपद में अपराधियों और नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना सुभाषनगर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए तस्करों के कब्जे से भारी मात्रा में यानी कुल 13 किलो 240 ग्राम अवैध डोडा छिलका बरामद हुआ है। इसके साथ ही पुलिस ने उनके पास से एक चोरी की टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल भी जब्त की है, जो दिल्ली से चुराई गई थी।
मामले का विवरण देते हुए पुलिस ने बताया कि 29 जून की रात को थाना सुभाषनगर पुलिस टीम को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी। इस इनपुट के आधार पर पुलिस ने बीडीए से मिलक रौंधी जाने वाले मार्ग पर बैरिकेडिंग कर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग शुरू की। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर आ रहे दो संदिग्धों को रोककर जब उनकी तलाशी ली गई, तो उनके पास से नशे का यह जखीरा बरामद हुआ। तलाशी में अभियुक्त अरमान उर्फ साहिल के पास से 6 किलो 890 ग्राम और उसके साथी साबिर हुसैन के पास से 6 किलो 350 ग्राम डोडा छिलका मिला।
पुलिस की पूछताछ में दोनों तस्करों ने कुबूल किया कि वे इस डोडा छिलका को उत्तराखंड के अलग-अलग क्षेत्रों में सप्लाई करने जा रहे थे। वहीं, उनके पास से बरामद अपाचे बाइक (DL5SBM1902) की जांच करने पर पता चला कि यह वाहन दिल्ली से चोरी किया गया था, जिसके संबंध में नवंबर 2024 में दिल्ली में ही एफआईआर दर्ज है। पकड़े गए आरोपियों में 19 वर्षीय अरमान और 24 वर्षीय साबिर हुसैन शामिल हैं, जो सुभाषनगर के ही रहने वाले हैं। इनमें से साबिर हुसैन का पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है। थाना सुभाषनगर में दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और बीएनएस की सुसंगत धाराओं के तहत केस दर्ज कर उन्हें कोर्ट में पेश किया जा रहा है।
रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया
Also Read: जालौन SDM पद से हटाए गए विवादों में घिरे IAS रिंकू सिंह राही, भाजपा ब्लॉक प्रमुख से मारपीट का आरोप

