मुख्य चुनाव आयुक्त पर प्रियंका गांधी का हमला, बोलीं- चुनाव प्रक्रिया से छेड़छाड़ देशद्रोह जैसा

Sandesh Wahak Digital Desk: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर चुनाव आयोग और विपक्ष के बीच गहराते विवाद के बीच कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर तीखा हमला बोला है। वायनाड में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि देश की लोकतांत्रिक चुनाव प्रक्रिया में किसी भी तरह की हेरफेर करना देश के साथ गद्दारी के बराबर है। प्रियंका गांधी ने कहा कि मतदाता सूची से बड़ी संख्या में नाम हटाया जाना बेहद गंभीर मामला है और यदि किसी चुनाव आयुक्त पर अवैध गतिविधियों में शामिल होने के आरोप हैं, तो उन्हें किसी भी तरह की कानूनी सुरक्षा नहीं मिलनी चाहिए।

13 करोड़ मतदाताओं के नाम हटाना संविधान के खिलाफ कृत्य

वायनाड सांसद ने SIR प्रक्रिया के जरिए मतदाता सूचियों से बड़े पैमाने पर नाम हटाए जाने पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने दावा किया कि करीब 13 करोड़ मतदाताओं के नाम सूची से गायब कर दिए गए हैं, जो कि लोकतंत्र और संविधान के खिलाफ एक आपराधिक कदम है। रिपोर्ट्स के अनुसार, 30 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट से 13 करोड़ से अधिक नाम हटाए गए हैं। हालांकि, चुनाव आयोग का नियम यह भी कहता है कि वैध पाए जाने पर दावे और आपत्तियों के जरिए नाम दोबारा जोड़े जा सकते हैं।

प्रियंका गांधी ने चुनाव आयोग के भीतर कथित मतभेदों का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना था कि अगर चुनाव आयोग के अधिकारियों को किसी गड़बड़ी की जानकारी थी और उन्होंने उसे होने दिया, तो इसकी गहन जांच होनी चाहिए। हालिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि चुनाव आयुक्तों ने मुख्य चुनाव आयुक्त के फैसलों पर आपत्तियां जताई थीं, हालांकि आयोग ने इसे खारिज करते हुए फैसलों को सर्वसम्मति से लिया गया बताया है। प्रियंका गांधी ने जोर देकर कहा कि गैर-कानूनी गतिविधियों में शामिल किसी भी जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए और किसी को भी जांच से छूट नहीं मिलनी चाहिए।

Also Read: Lakhimpur Kheri News: वामन द्वादशी महोत्सव पर भव्य सजीव झांकियों के साथ निकली शोभायात्रा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.