Lakhimpur Kheri News: वामन द्वादशी महोत्सव पर भव्य सजीव झांकियों के साथ निकली शोभायात्रा
Lakhimpur Kheri News: लखीमपुर खीरी जिले के सिंगाही कस्बे में वामन द्वादशी के पावन अवसर पर भव्य शोभायात्रा का आयोजन बड़े ही धूमधाम से किया गया। यह शोभायात्रा नगर के वार्ड नंबर 6 से प्रारंभ होकर खैरीगढ़ मार्ग और सिंगाही-निघासन नेशनल हाईवे से गुजरते हुए मुख्य बाजार के रास्ते प्रमुख मंदिर तक पहुंची। इस धार्मिक यात्रा में भगवान वामन के जीवन और उनकी महिमा को दर्शाती कई मनमोहक व सजीव झांकियां शामिल रहीं, जिन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े।
शोभायात्रा के वार्ड नंबर 6 पहुंचने पर सिविल बार एसोसिएशन निघासन के पूर्व अध्यक्ष सर्वेश गुप्ता और सभासद रामनरेश गुप्ता (चुन्ना) सहित स्थानीय लोगों ने यात्रा का भव्य स्वागत किया। उन्होंने श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा की, भगवान वामन के रथ की आरती उतारी और भक्तों के लिए जलपान व प्रसाद वितरण की व्यवस्था की। पूरी यात्रा के दौरान कस्बे का माहौल ‘जय श्री हरि’ और भगवान वामन के जयघोषों से गुंजायमान रहा।
धार्मिक मान्यता के अनुसार, वामन द्वादशी का पर्व भगवान विष्णु के पांचवें अवतार ‘वामन’ की जयंती के रूप में हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है। आयोजन को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए थाना अध्यक्ष राजबहादुर सिंह पुलिस बल के साथ सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद रहे। कार्यक्रम में क्षेत्र के तमाम गणमान्य नागरिक और भारी संख्या में भक्तगण मौजूद रहे।
रिपोर्ट : विनय मिश्रा

